Kangana Ranaut की बठिंडा अदालत में पेशी आज, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

Edited By Vatika,Updated: 27 Oct, 2025 12:20 PM

film actress kangana ranaut appears in bathinda court

अदालत को बनाया गया पुलिस छावनी, भारी पुलिस बल तैनात

बठिंडा (विजय वर्मा): फिल्म अभिनेत्री और मंडी से सांसद कंगना रनौत की आज बठिंडा की अदालत में पेशी को लेकर पूरे न्यायालय परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सुबह से ही अदालत परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था के सख्त बंदोबस्त किए गए हैं। भारी संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और वरिष्ठ अधिकारी अदालत के बाहर और अंदर तैनात हैं ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बन सके।

PunjabKesari

मामला उस समय का है जब किसानों के आंदोलन के दौरान बठिंडा जिले के गांव बहादरगढ़ जंडियां की एक बुजुर्ग महिला के बारे में कंगना रनौत ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर टिप्पणी की थी। इस टिप्पणी को लेकर पंजाब में किसानों और सामाजिक संगठनों ने कड़ा विरोध जताया था। इसी सिलसिले में उस बुजुर्ग महिला ने कंगना रनौत के खिलाफ बठिंडा में मानहानि का मुकदमा दर्ज करवाया था। यह केस पिछले कुछ वर्षों से अदालतों में चल रहा था। हाल ही में माननीय सुप्रीम कोर्ट ने कंगना रनौत की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने इस केस को रद्द करने की मांग की थी। सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि कंगना रनौत को बठिंडा की अदालत में पेश होकर कार्यवाही में सहयोग करना होगा।

इसी आदेश के अनुपालन में आज कंगना रनौत बठिंडा की अदालत में पेश हो रही हैं। उनकी पेशी को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया है। अदालत परिसर के सभी प्रवेश द्वारों पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, वहीं आने-जाने वालों की सख्त जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि अदालत परिसर में मीडिया कर्मियों और समर्थकों की भी भीड़ जुटी हुई है। प्रशासन की ओर से आम जनता को अदालत परिसर में अनावश्यक रूप से प्रवेश न करने की अपील की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तैयारी की गई है और किसी भी तरह की गड़बड़ी या विरोध-प्रदर्शन की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस अलर्ट मोड पर है।
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!