Edited By VANSH Sharma,Updated: 18 Sep, 2026 10:53 PM

फतेहगढ़ साहिब के खमाणों इलाके में पुलिस ने फिरौती मांगने वाले गैंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।
फतेहगढ़ साहिब: फतेहगढ़ साहिब के खमाणों इलाके में पुलिस ने फिरौती मांगने वाले गैंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा आरोपी पुलिस से बचने के लिए दीवार फांदकर भागने की कोशिश में घायल हो गया। वहीं, इस पूरी कार्रवाई में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत और अमनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। इनके कब्जे से 12 बोर का देसी कट्टा बरामद किया गया है। आरोप है कि दोनों आरोपी स्थानीय दुकानदारों और अन्य लोगों को फोन कर धमकाते थे और उनसे फिरौती की मांग करते थे। इस मामले में 13 सितंबर को FIR दर्ज की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि धमकी और फिरौती के लिए विदेशी कोड वाले मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया जा रहा था। तकनीकी जांच के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
इसके बाद पुलिस टीम दोनों आरोपियों को गांव संघोल स्थित एक भट्ठे पर हथियार बरामद करने के लिए लेकर गई थी। इस दौरान अजीत ने वहां छिपाकर रखा हथियार निकाल लिया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अजीत के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया। वहीं, अमनप्रीत ने मौके से भागने की कोशिश की और दीवार फांदते समय घायल हो गया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अमनप्रीत स्थानीय लोगों और शिकायतकर्ताओं से जुड़ी जानकारी अजीत तक पहुंचाता था। इसके बाद अजीत फोन पर लोगों को धमकाकर कथित तौर पर फिरौती की मांग करता था। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं और आरोपियों के किन लोगों के साथ संपर्क थे।