Edited By Vatika,Updated: 06 Nov, 2026 09:12 AM

शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और मेहमान भी घर पहुंच चुके थे
फरीदकोट : शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और मेहमान भी घर पहुंच चुके थे, लेकिन दहेज की मांग पूरी न होने पर दूल्हा बारात लेकर ही नहीं पहुंचा। मामला फरीदकोट का है, जहां लड़की पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने दूल्हे समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, लड़की के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी का रिश्ता कपूरथला जिले के गांव जातिके संगोजला निवासी अमनजोत सिंह के साथ तय हुआ था। दोनों परिवारों की सहमति से इसी साल 1 फरवरी को शगुन की रस्म की गई थी और शादी के लिए 4 नवंबर की तारीख तय की गई थी। शादी समारोह के लिए एक ढाबे में इंतजाम किए गए थे। परिवार ने खरीदारी और अन्य तैयारियों पर काफी पैसा खर्च कर दिया था। आरोप है कि शादी की तारीख नजदीक आते ही लड़के वालों ने अचानक 10 लाख रुपये नकद और 4 तोले सोने की मांग रख दी। लड़की के परिवार ने अपनी कमजोर आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए इतनी बड़ी मांग पूरी करने में असमर्थता जताई। इसके बाद लड़के वालों ने बारात लाने से साफ इनकार कर दिया।
ऐन मौके पर बारात न पहुंचने से लड़की के परिवार को भारी मानसिक परेशानी और सामाजिक शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा। घटना के बाद पीड़ित पिता की शिकायत पर थाना सदर फरीदकोट पुलिस ने जांच शुरू की। जांच अधिकारी एएसआई राज सिंह ने बताया कि पुलिस ने दूल्हे अमनजोत सिंह, उसके माता-पिता, बहन और रिश्ता करवाने वाले दो बिचौलियों सहित कुल 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।