8 मिनट 45 सेकंड का आखिरी वीडियो: कांग्रेसी नेता के इकलौते बेटे ने खुद को गोली मार दी

Edited By Vatika,Updated: 30 Mar, 2026 02:25 PM

commit suicide

बठिंडा के हल्का मौड़ मंडी से बड़ी खबर सामने आई है।

बठिंडा (विजय वर्मा): बठिंडा में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां कांग्रेस से जुड़े दिवंगत नेता सुखराज सिंह नत्त के इकलौते बेटे और पेशे से एडवोकेट दविंदर पाल सिंह नत्त (32) ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उन्होंने 8 मिनट 45 सेकंड का एक वीडियो रिकॉर्ड किया और एक पन्ने का सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें मोहाली-जीरकपुर के एक नामी बिल्डर और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सुसाइड नोट व वीडियो को जांच में शामिल कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला करोड़ों रुपये के लेन-देन और कथित धोखाधड़ी से जुड़ा बताया जा रहा है।

करोड़ों फंसे, कर्ज और तनाव ने तोड़ दिया
वीडियो और सुसाइड नोट में दविंदर नत्त ने खुलासा किया कि उन्होंने मोहाली-जीरकपुर के बिल्डर बिंदरपाल मित्तल, प्रतीक मित्तल और भरत मित्तल को भारी रकम दी थी, जो वापस नहीं मिल रही थी। उन्होंने दावा किया कि उनके खुद के करीब 5.5 करोड़ रुपये फंसे हुए थे, जबकि दोस्तों और जान-पहचान वालों के भी 6-7 करोड़ रुपये उन्होंने निवेश करवाए थे। उन्होंने कहा कि अपनी जिंदगी की जमा पूंजी, पिता की जमीन बेचकर मिले पैसे, बीमा राशि और घर की बचत तक उन्होंने लगा दी, लेकिन अब पैसे लौटाने से इंकार किया जा रहा था। आर्थिक दबाव के साथ उन पर एसबीआई का करीब 80 लाख रुपये का कर्ज भी था, जिससे वे गहरे मानसिक तनाव में थे।

नेताओं के दरवाजे खटखटाए, नहीं मिला इंसाफ
वीडियो में उन्होंने बताया कि न्याय के लिए कई नेताओं और मंत्रियों से गुहार लगाई, यहां तक कि कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां से भी संपर्क किया, लेकिन कहीं से राहत नहीं मिली। उन्होंने कहा कि हर संभव कोशिश के बावजूद उन्हें इंसाफ नहीं मिला और अंततः उन्होंने यह कदम उठाया।

परिवार के नाम भावुक संदेश
अपने आखिरी वीडियो में दविंदर नत्त बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने दिवंगत पिता से माफी मांगी और कहा कि वे उनका सपना पूरा नहीं कर सके। उन्होंने अपनी बुजुर्ग मां, बीमार पत्नी और बहनों का जिक्र करते हुए समाज और वकील समुदाय से परिवार का ख्याल रखने और उन्हें न्याय दिलाने की अपील की।

पोस्टमार्टम न कराने की इच्छा, पुलिस ने निभाई प्रक्रिया
वीडियो में उन्होंने पोस्टमार्टम न कराने की अपील की थी, लेकिन पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इलाके में शोक, लोगों में रोष
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों और वकील समुदाय में भारी रोष है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। दविंदर नत्त अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पीछे बुजुर्ग मां, बीमार पत्नी और बहनें हैं।
 

मामला दर्ज, जांच जारी
एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने बताया कि मृतक की मां के बयानों के आधार पर थाना कैनाल कॉलोनी में सुसाइड नोट में नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और वीडियो व सुसाइड नोट के आधार पर आरोपियों की भूमिका की गहराई से पड़ताल की जाएगी।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!