Edited By Kamini,Updated: 26 Jul, 2025 07:20 PM

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में बहुत कुछ सामने आने वाला है।
पंजाब डेस्क : मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में बहुत कुछ सामने आने वाला है। उन्होंने कहा कि, पंजाब को लूटने वालों और पंजाब के युवाओं की जवानी बर्बाद करने वालों पर कोई रहम नहीं किया जाएगा। पंजाब सरकार उन सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। जिन्होंने पंजाब को लूटा है, उन सबका हिसाब किया जाएगा। सीएम मान ने कहा कि जिन लोगों ने पहले पंजाब पर राज किया, उन्होंने पंजाब के माथे पर चिट्टे का दाग लगा दिया। ये लोग बड़े तस्करों को संरक्षण देते रहे। इनकी अपनी गाड़ियों में चिट्टा जाता रहा है। यही नहीं तस्कर इनके घरों में भी रहते रहें हैं। आने वाले दिनों में इनके चेहरे सामने आएंगे और इनक पर सख्त कार्रवाई होगी। सीएम मान ने ये भी कहा कि, आम आदमी पार्टी ने वादा किया था कि हम पंजाब को नशा मुक्त बनाएंगे। जब हम सत्ता में आए थे, तब मामले बहुत बुरे थे, जिन्हें ठीक करने में समय लगा।
अब जब हमने नशे के खिलाफ युद्धस्तर पर कार्रवाई शुरू की है, तो इन लोगों के दोहरे चेहरे सामने आने लगे हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह ड्रग तस्करों के पक्ष में बयान दे रहे हैं, उनका कहना है कि मानवाधिकारों का उल्लंघन हो रहा है, बिक्रम मजीठिया को इस तरह गिरफ्तार नहीं किया जाना चाहिए था। इससे पहले चरणजीत चन्नी ने भी ऐसा ही बयान दिया था। जब लोगों ने चन्नी के बयान का विरोध किया, तो उन्होंने इसे वापस ले लिया। यहां तक कि रवनीत बिट्टू ने भी तस्करों का समर्थन किया। सुखपाल खैहरा खुद इसका समर्थन करने वालों में शामिल हैं। प्रताप बाजवा ने भी इसका समर्थन किया। इससे साबित हो गया है कि ये सब मिले हुए हैं। पंजाब इन्हें कभी माफ नहीं करेगा।
वहीं इस दौरान सीएम मान ने कहा कि, भाजपा को यह भी स्पष्ट करना होगा कि उनके 2 बड़े नेता तस्करों के पक्ष में बयान दे रहे हैं और वह उनके साथ है। कांग्रेस के 3 बड़े नेताओं ने तस्करों के पक्ष में बयान दिए हैं, इसलिए कांग्रेस को भी अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह पर बड़ा हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि कैप्टन साहब, आज आपको नशा तस्करों के मानवाधिकारों की चिंता तब हुई जब आपके और आपके भतीजे के राज में लोगों के पुत्त तड़प-तड़प कर मर रहे थे, उस समय आप महफिलों में बैठे थे। अब पंजाब आप सभी के दोहरे चेहरों को जान गया है, लेकिन दुर्भाग्य से बहुत कुछ खोने के बाद। भाजपा अब आपके बयान को व्यक्तिगत बताकर अपना पल्ला झाड़ लेगी। गुटका साहिब जी की शपथ कहां गई?
आने वाले दिनों में बहुत कुछ सामने आने वाला है, हम कड़ी कार्रवाई करेंगे, आप सबने पंजाब को लूटा है, आपको जवाबदेह ठहराया जाएगा। आज के बयान से साफ हो गया है कि सब मिले हुए हैं। ऊपर से एक-दूसरे को भला-बुरा कहकर काम निकलवा लेते थे, लेकिन अंदर से पंजाब के ख़िलाफ़ हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर उन्होंने पंजाब का एक रुपया भी लूटा और युवाओं का अपमान किया, तो उन पर कोई रहम नहीं किया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here