Edited By Urmila,Updated: 23 Jun, 2026 02:23 PM

अवतार नगर रोड स्थित चावला मोबाइल प्वाइंट पर कथित तौर पर फिरौती न मिलने पर गोली चलाने के मामले की जांच में नया मोड़ सामने आया है।
जालंधर (शौरी): अवतार नगर रोड स्थित चावला मोबाइल प्वाइंट पर कथित तौर पर फिरौती न मिलने पर गोली चलाने के मामले की जांच में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस जांच के दौरान कुछ नए तथ्य सामने आने के बाद मामले में अतिरिक्त नामजदगी की गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच में पता चला है कि यू.के. में बैठे कथित आरोपी एकम उर्फ बलहार सिंह, निवासी गुरदासपुर के निर्देश पर गिरफ्तार आरोपी गुरलाल ने अपने साथी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने अवैध हथियार का इस्तेमाल कर दुकान पर गोली चलाई थी।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी गुरलाल को ऑनलाइन भुगतान किया गया था। पुलिस के अनुसार लगभग 15 हजार रुपए की राशि पेटीएम के माध्यम से भेजी गई थी। इसी आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने एकम के साथ उसकी मां को भी मामले में नामजद किया है। पुलिस का कहना है कि वित्तीय लेन-देन से जुड़े पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को अदालत में प्रस्तुत किया जाएगा।
घायल आरोपी गुरलाल, जो उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती था, उसकी हालत में सुधार होने के बाद डॉक्टरों ने उसे छुट्टी दे दी है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद थाना नंबर 5 पुलिस की टीम उसे आगे की पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। दूसरी ओर, घटना के बाद व्यापारियों में फैली दहशत को दूर करने के उद्देश्य से सतिंद्र सिंह स्वयं पुलिस अधिकारियों के साथ चावला मोबाइल प्वाइंट पहुंचे।
पुलिस कमिश्नर ने दुकान मालिक से मुलाकात कर उन्हें आश्वस्त किया कि पुलिस उनके साथ है और उन्हें भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। सतिंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस ने मामले में एक आरोपी तक पहुंच बना ली है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई जारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here