Edited By Vatika,Updated: 23 Jun, 2026 04:21 PM

शहर के व्यस्त हीरो बेकरी चौक के पास स्थित जगजीत नगर क्वार्टर (फ्लैट) में बने एक गोदाम में मंगलवार दोपहर अचानक
पंजाब डेस्क: शहर के व्यस्त हीरो बेकरी चौक के पास स्थित जगजीत नगर क्वार्टर (फ्लैट) में बने एक गोदाम में मंगलवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरा गोदाम आग की लपटों से घिर गया, इस बीच गोदाम के अंदर एक महिला और उसका 3 वर्षीय बेटा फंसा था। हालांकि पड़ोसी युवक की बहादुरी से दोनों की जान बच गई।
आग की चपेट में आने से महिला झुलसी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय वहां मौजूद एक दुकानदार ने सबसे पहले गोदाम से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं। जब वह मौके पर पहुंचा तो उसे अंदर से महिला की मदद के लिए चीखें सुनाई दीं। जांच करने पर पता चला कि जिस कमरे में महिला और बच्चा फंसे थे, उसके मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा हुआ था, जिसे पास पड़े लोहे के तवे से तोड़ा गया। इसके बाद वह धुएं और आग के बीच कमरे में घुसा और महिला व उसके मासूम बेटे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग की चपेट में आने से महिला के बाल और बाजू झुलस गए, जबकि बच्चा सुरक्षित बताया जा रहा है। वहीं महिला को नजदीकि अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर आग के कारणों का पता नहीं चल सका है। वहीं स्थानीय लोगों ने दुकानदार की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि उसकी सूझबूझ और साहस के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।