Edited By Vatika,Updated: 01 Jul, 2026 09:49 AM

निहंग सिंहों के उग्र प्रदर्शन के बाद एक्शन मोड में लुधियाना पुलिस
लुधियाना, (राज): सिख समाज के खिलाफ सोशल मीडिया पर बेहद आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणी करने वाले आरोपी चेतन शर्मा को पकड़ने के लिए लुधियाना पुलिस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इस मामले में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी तब मिली जब पुलिस पार्टी ने आरोपी चेतन शर्मा को अपने घर में छुपाने और पुलिस की गिरफ्तारी से बचाने (पनाह देने) के आरोप में उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पिता के खिलाफ भी संगीन धाराओं के तहत नया मामला दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चेतन शर्मा पुत्र दिनेश शर्मा जो कि थाना सदर लुधियाना में दर्ज मुकद्मा नंबर 156 के तहत वांटेड है, अपनी गिरफ्तारी के डर से लगातार छुपता फिर रहा है। मुखबिर ने खुलासा किया कि आरोपी का पिता दिनेश शर्मा अपने भगोड़े बेटे को पुलिस से बचाने के लिए अपने घर में पनाह दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत रेड कर आरोपी के पिता को धर दबोचा। यहां बता दें कि आरोपी चेतन शर्मा द्वारा सिख समाज के प्रति की गई अभद्र और गलत टिप्पणी के बाद सिख संगठनों, विशेषकर निहंग सिंहों में भारी रोष फैल गया था।
आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर निहंग सिंहों ने लुधियाना की सड़कों पर उतरकर चक्का जाम कर दिया था और पुलिस कमिश्नर (CP) दफ्तर के बाहर भी जोरदार धरना-प्रदर्शन किया था। उस समय माहौल को गरमाता देख पुलिस के आला अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का पक्का भरोसा दिया था, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई है। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि मुख्य आरोपी चेतन शर्मा की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और बहुत जल्द वह पुलिस की गिरफ्त में होगा। पुलिस ने जनता से भी शांति बनाए रखने की अपील की है।