Edited By Urmila,Updated: 25 Aug, 2026 05:50 PM

अमृतसर के अजनाला क्षेत्र के सीमावर्ती गांव जट्टा में एक घर में हुए दो बम धमाकों के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दो युवकों को आज अजनाला की अदालत में पेश किया।
अजनाला (गुरप्रीत): अमृतसर के अजनाला क्षेत्र के सीमावर्ती गांव जट्टा में एक घर में हुए दो बम धमाकों के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दो युवकों को आज अजनाला की अदालत में पेश किया। मामले की सुनवाई माननीय अदालत में हुई, जहां अदालत ने दोनों आरोपियों को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब पुलिस रिमांड के दौरान दोनों युवकों से वारदात को लेकर पूछताछ करेगी।
जानकारी के अनुसार, गांव जट्टा में एक घर को निशाना बनाकर दो बम धमाके किए गए थे। इस मामले में थाना रमदास पुलिस ने गैंगस्टर हैप्पी पश्यां और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस ने दो युवकों को इस वारदात में कथित तौर पर शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विश्वासप्रीत सिंह निवासी गांव अलीवाल तथा उसके एक अन्य साथी के रूप में बताई गई है।
दोनों आरोपियों को आज अदालत में पेश किए जाने के दौरान उनके वकील एडवोकेट मनदीप सिंह मुहार ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने बताया कि पुलिस की ओर से अदालत के समक्ष दावा किया गया कि गांव जट्टा में हुई बम धमाके की वारदात में इन दोनों युवकों की कथित भूमिका सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ और मामले में आगे की जांच के लिए अदालत से 10 दिन का पुलिस रिमांड मांगा था।
एडवोकेट मनदीप सिंह मुहार के मुताबिक, उन्होंने अदालत के समक्ष आरोपियों की ओर से अपनी दलीलें पेश कीं। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद माननीय अदालत ने पुलिस को 10 दिन के बजाय 5 दिन का रिमांड दिया। अब दोनों आरोपियों को रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।
वकील ने कहा कि फिलहाल पुलिस की ओर से किसी बड़ी बरामदगी की जानकारी अदालत के सामने नहीं रखी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े और खुलासे किए जाने हैं। इसी आधार पर पुलिस ने रिमांड की मांग की थी।
एडवोकेट मुहार ने कहा कि उनके मुवक्किलों पर लगाए गए आरोपों की जांच अभी जारी है और उनका मानना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने कहा कि यदि आरोपियों की संलिप्तता साबित नहीं होती है तो वे निर्दोष साबित होकर बाहर आएंगे। अब पुलिस के सामने पांच दिन के रिमांड के दौरान बम धमाके की वारदात, आरोपियों की कथित भूमिका, इस्तेमाल किए गए विस्फोटक और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाने की चुनौती है। 30 अगस्त को दोनों आरोपियों को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here