बरनाला में अब वाहन चालकों पर होगी सख्त कार्रवाई, जिला वासियों से की जा रही अपील

Edited By Kalash,Updated: 13 May, 2026 11:43 AM

barnala police strict action

बरनाला जिले में बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिलों पर सवार अज्ञात बदमाशों द्वारा लूटपाट की लगातार बढ़ रही घटनाओं ने पुलिस प्रशासन को सतर्क कर दिया है।

बरनाला (विवेक सिंधवानी/रवि): बरनाला जिले में बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिलों पर सवार अज्ञात बदमाशों द्वारा लूटपाट की लगातार बढ़ रही घटनाओं ने पुलिस प्रशासन को सतर्क कर दिया है। इन घटनाओं की पृष्ठभूमि में जिला पुलिस प्रमुख मोहम्मद सरफराज आलम ने जिला वासियों से सीधी और स्पष्ट अपील करते हुए कहा है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है इसमें आम नागरिकों का सहयोग भी उतना ही जरूरी है।

जिला पुलिस प्रमुख ने एक अहम और विचारणीय बात जनता के सामने रखी। उन्होंने कहा कि जैसे ही ट्रैफिक पुलिस बिना नंबर प्लेट वाले या बिना कागजात वाले दोपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करती है, शहर से तुरंत यह शिकायतें आनी शुरू हो जाती हैं कि ट्रैफिक पुलिस अनावश्यक तंग कर रही है और धक्केशाही कर रही है। उन्होंने कहा कि यही वह वाहन होते हैं जिन पर सवार होकर बदमाश वारदातों को अंजाम देते हैं और बिना पहचान के फरार हो जाते हैं। बिना नंबर प्लेट का वाहन अपराधियों के लिए सबसे बड़ा हथियार बन चुका है क्योंकि इससे न तो उनकी पहचान होती है और न ही उन्हें ट्रैक किया जा सकता है। ऐसे में जब पुलिस इन वाहनों पर कार्रवाई करती है तो वह दरअसल अपराध को जड़ से रोकने की कोशिश करती है।

पुलिस की सख्ती जनता की भलाई के लिए 

सरफराज आलम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि पुलिस सख्ती करती है तो वह केवल और केवल जनता की भलाई और सुरक्षा के लिए करती है। इसमें किसी की व्यक्तिगत दुश्मनी या धक्केशाही का कोई सवाल नहीं है। उन्होंने जिलावासियों से अपील की कि वह पुलिस की इस मुहिम में अपना पूरा सहयोग दें और शिकायतों के बजाय पुलिस का हौसला बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि जब कोई वारदात होती है तो सबसे पहले पुलिस से सवाल किए जाते हैं, लेकिन जब पुलिस उन्हीं वारदातों को रोकने के लिए पहले से कदम उठाती है तो उसे शिकायतों का सामना करना पड़ता है। यह विरोधाभास कानून व्यवस्था को कमजोर करता है।

आने वाले दिनों में चलेगा सख्त अभियान 

जिला पुलिस प्रमुख ने साफ चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले दिनों में जिले भर में पुलिस द्वारा सख्त चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत बिना नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों और बिना कागजात के चलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिलावासियों को सलाह दी कि वह अभी से अपने वाहनों के सभी कागजात दुरुस्त रखें, नंबर प्लेट लगवाएं और पुलिस की चेकिंग में पूरा सहयोग करें। जो लोग नियमों का पालन करते हैं उन्हें घबराने की कोई जरूरत नहीं है यह अभियान केवल आपराधिक तत्वों और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ है।

सरफराज आलम ने जिले की जनता से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि बरनाला को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है। पुलिस अपना काम पूरी ईमानदारी और मेहनत से कर रही है, लेकिन जब तक जनता का सहयोग नहीं मिलेगा तब तक अपराधियों पर पूरी तरह लगाम लगाना संभव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि यदि आपके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति या बिना नंबर प्लेट का वाहन दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। आपकी एक सूचना किसी बड़ी वारदात को रोक सकती है और किसी की जान बचा सकती है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!