Edited By Radhika Salwan,Updated: 14 Jul, 2024 02:24 PM

जालंधर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव नतीजों में बड़ी जीत के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान आज जालंधर का दौरा करेंगे।
जालंधर- जालंधर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव नतीजों में बड़ी जीत के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान आज जालंधर का दौरा करेंगे। इस बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान पार्टी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए मंत्रियों और विधायकों के साथ बैठक करेंगे। जिसके बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान जालंधर कैंट स्थित अपने आवास पर स्वयंसेवकों, शिक्षकों के साथ बैठक करेंगे। फिलहाल इसे लेकर कोई आधिकारिक प्लान जारी नहीं किया गया है।
बता दें कि जालंधर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में 10 जुलाई को हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मोहिंदर भगत ने एकतरफा जीत हासिल की है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी और पूर्व विधायक और बीजेपी प्रत्याशी शीतल अंगुराल को 37325 वोटों के भारी अंतर से हराया। इस उपचुनाव में मोहिंदर भगत को 55246 वोट, शीतल अंगुराल को 17921 वोट और कांग्रेस उम्मीदवार सुरिंदर कौर को 16757 वोट मिले।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के दौरान शीतल अंगुराल के आप से इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल होने के कारण यह सीट खाली हुई थी। मतगणना के पहले राउंड से ही मोहिंदर भगत को ऐसी बढ़त मिली जो 13वें राउंड तक बरकरार रही और यह बढ़त बढ़ती ही गई। इस उपचुनाव को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आम आदमी पार्टी सरकार के लिए प्रतिष्ठा का मुद्दा बनाए रखा था और पूरे चुनाव अभियान की अगुवाई खुद मुख्यमंत्री ने की थी।