गर्मी का कहर! 56 वर्षों का रिकॉर्ड टूटा, 1970 के बाद सबसे ज्यादा तापमान
Edited By Kalash,Updated: 08 Mar, 2026 06:06 PM

लुधियाना में इन दिनों पड़ रही गर्मी ने शहर वासियों के पसीने निकाल दिए हैं।
लुधियाना (खुराना): लुधियाना में इन दिनों पड़ रही गर्मी ने शहर वासियों के पसीने निकाल दिए हैं। महानगर में मार्च महीने की शुरुआती दिनों में हालात ये बने हुए हैं कि मई और जून जैसी भयानक गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक गर्मी ने पिछले 56 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है और शहर का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया है। गर्मी के सताए लोग अभी से ही हॉफ स्लीव शर्ट्स पहनने सहित ए.सी. और पंखे चलाकर गर्मी और उमस से राहत पाने की कोशिशों में जुट गए हैं।
वहीं महानगर की व्यस्त सड़कें दिन के समय अभी से वीरान दिखाई देने लगी हैं। पंजाब खेतीबाड़ी यूनिवर्सिटी में तैनात मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर पवनीत कौर किंगरा ने बताया कि लुधियाना में शनिवार को अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया है। उन्होंने बताया कि यह लुधियाना में दर्ज किया गया 1970 के बाद का अधिकतम तापमान है। डॉ. किंगरा ने बताया कि अभी आने वाले दिनों में बारिश की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में ये कहना गलत नहीं होगा कि आने वाले दिनों में शहरवासियों को गर्मी और भी सताएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here