जालंधर में बेकाबू कार का कहर, कई गाड़ियों को मारी टक्कर; बाइक सवार ने कूदकर बचाई जान

Edited By Urmila,Updated: 29 Aug, 2026 12:19 PM

havoc caused by an out of control car in jalandhar

बाबा साहेब अंबेडकर चौक के पास रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार किया सेल्टोस कार ने कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।

जालंधर: बाबा साहेब अंबेडकर चौक के पास रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार चंडीगढ़ नंबर (CH 01 CU 7272) किया सेल्टोस कार ने कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सड़क किनारे खड़ी कई कारें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि एक बाइक कार के नीचे फंसकर बुरी तरह टूट गई। हादसे के दौरान बाइक सवार मोहित ने मौके पर ही छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। बताया जा रहा है कि वह बैंक कर्मचारी है और सड़क किनारे बाइक खड़ी करके फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान बेकाबू कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक कार के नीचे जा फंसी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक ने विवेक इंटरनेशनल होटल के पास सड़क किनारे खड़ी दो से तीन अन्य कारों को भी टक्कर मार दी। कुछ ही पलों में सड़क पर वाहनों का मलबा और क्षतिग्रस्त गाड़ियां दिखाई देने लगीं। हादसे के बाद कार चालक ने मौके से निकलने की कोशिश की, लेकिन राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे घेर लिया और पकड़ लिया। लोगों के मुताबिक, चालक की हालत बेहद खराब थी और वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि चालक नशे की हालत में था।

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, हादसे के समय चालक ने पूरे कपड़े नहीं पहने हुए थे और दुर्घटना के बाद बनियान में सड़क पर घूम रहा था। उसकी हालत देखकर वहां मौजूद लोगों में काफी गुस्सा देखने को मिला। सूचना मिलने पर पीसीआर-112 की टीम मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारी अमरीक सिंह के मुताबिक, चालक का मेडिकल करवाया जा रहा है, जिसके बाद उसकी स्थिति और नशे में होने संबंधी आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच के साथ-साथ होटल के बाहर पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था या नहीं।फिलहाल पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों और मौके से जुड़े अन्य तथ्यों को जांच में शामिल कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!