Edited By Urmila,Updated: 02 Sep, 2026 11:45 AM

शहर में देर रात एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। अजीत नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के बाहर दो बाइक सवार युवकों ने बुजुर्ग को रोककर उसके साथ हाथापाई की।
जालंधर (सोनू) : शहर में देर रात एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। अजीत नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के बाहर दो बाइक सवार युवकों ने बुजुर्ग को रोककर उसके साथ हाथापाई की। आरोप है कि एक युवक के हाथ में तेजधार हथियार था। हालांकि बुजुर्ग ने सूझबूझ दिखाते हुए गुरुद्वारा साहिब के अंदर जाकर खुद को बचा लिया।
घटना थाना नंबर-4 के क्षेत्र में डॉ. बी.आर. अंबेडकर चौक (नकोदर चौक) के पास की बताई जा रही है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दो युवक बाइक पर आते और फिर वापस लौटते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक बुजुर्ग व्यक्ति अपनी एक्टिवा पर सामान रखकर उसे लॉक करने के बाद गुरुद्वारा साहिब की ओर जा रहा था। इसी दौरान दोनों युवक दोबारा उसके पास पहुंचे। उनमें से एक ने बुजुर्ग को रोक लिया और उसके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी बीच बुजुर्ग किसी तरह गुरुद्वारा साहिब के भीतर पहुंच गया और शोर मचा दिया।
आवाज सुनकर गुरुद्वारा साहिब में मौजूद सेवादार तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों को अपनी तरफ आता देख दोनों युवक वहां से निकल गए। इस दौरान वे लूट की वारदात को अंजाम नहीं दे सके।
गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार हरजोत सिंह लक्की ने बताया कि घटना करीब रात 1:30 बजे हुई। उस समय गुरुद्वारा साहिब में सेवादार सेवा में मौजूद थे। उनके अनुसार दोनों युवकों ने बुजुर्ग को धक्का देकर अंदर आने की कोशिश की थी। बुजुर्ग के विरोध और शोर मचाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की सूचना थाना नंबर-4 की पुलिस को दी गई है। पुलिस ने बुजुर्ग की शिकायत के आधार पर CCTV फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here