Edited By Kalash,Updated: 10 Mar, 2026 04:52 PM

महानगर के औद्योगिक क्षेत्र ढंडारी में उस वक्त चीख-पुकार मच गई जब एक प्रवासी वेल्डिंग वर्कर मौत के साए से बाल-बाल बचा।
लुधियाना (खुराना): महानगर के औद्योगिक क्षेत्र ढंडारी में उस वक्त चीख-पुकार मच गई जब एक प्रवासी वेल्डिंग वर्कर मौत के साए से बाल-बाल बचा। लोहे के खंभे में उतरे करंट ने युवक को इस कदर अपनी चपेट में लिया कि उसकी दोनों बाजू बुरी तरह झुलस गईं। घायल युवक की पहचान आकाश कुमार के रूप में हुई है, जो पेट पालने की खातिर उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले के गांव बड़ेपुर से लुधियाना आया था।
जानकारी के मुताबिक आकाश सोमवार शाम ढंडारी इलाके से गुजर रहा था कि अचानक उसका हाथ बिजली के खंभे से लग गया, जिसमें पहले से ही करंट दौड़ रहा था। जोरदार झटका लगते ही आकाश जमीन पर गिर पड़ा और तड़पने लगा। इस दर्दनाक मंजर को देख मौके पर मौजूद राहगीर मनोज ने मिसाल पेश करते हुए तुरंत झुलसे हुए युवक को संभाला और बिना देरी किए उसे अपनी गाड़ी में लादकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती आकाश की हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों का कहना है कि बिजली के तेज झटके ने उसकी बाजुओं को काफी नुकसान पहुंचाया है। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने बताया कि फिलहाल उसका इलाज जारी है, लेकिन अगर हालत में सुधार नहीं हुआ तो उसे बेहतर उपचार के लिए पी.जी.आई. चंडीगढ़ रेफर किया जा सकता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि नंगे तारों और खंभों में उतर रहे करंट की वजह से पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन विभाग गहरी नींद सोया हुआ है। लोगों ने मांग की है कि बिजली के खंभों की तुरंत मरम्मत करवाई जाए ताकि ऐसे कोई अन्य हादसे का शिकार न बने।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here