भ्रष्टाचार मामले में नामजद ASI फरार, विजिलेंस की जांच तेज

Edited By Sunita sarangal,Updated: 04 May, 2026 03:55 PM

vigilance investigation against asi bathinda

बता दें कि दो दिन पहले व्यापारी दुष्यंत बंसल की शिकायत पर विजिलेंस ने ए.एस.आई. के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया था।

बठिंडा(विजय): सी.आई.ए.-1 में तैनात ए.एस.आई. के खिलाफ दर्ज भ्रष्टाचार के मामले में विजिलेँस ब्यूरो ने जांच तेज कर दी है, साथ ही उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। विजिलेंस टीम अब मामले में इस्तेमाल की गई यू.पी. नंबर की ब्रिजा गाड़ी की तलाश में जुट गई है। इसके साथ ही एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की भी जांच की जा रही है, जिसका उपयोग कथित तौर पर पैसों की मांग के लिए किया गया था।

बता दें कि दो दिन पहले व्यापारी दुष्यंत बंसल की शिकायत पर विजिलेंस ने ए.एस.आई. के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि सी.आई.ए.-1 के कुछ पुलिसकर्मी उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 5 लाख रुपए की मांग कर रहे थे। आरोपी पुलिसकर्मियों ने उसे डराने के लिए कई बार उसके घर अवैध तरीके से दबिश दी। उसे यू.पी. नंबर की ब्रिजा गाड़ी में बैठाकर धमकाया गया।

इस दौरान एक मोबाइल नंबर से कॉल कर पैसों की मांग की जाती थी। उसने इन घटनाओं की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी विजिलेंस को सौंपी है। विजिलेंस के प्रवक्ता ने बताया कि शिकायत मिलते ही ए.एस.आई. के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया था और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर छापेमारी की गई। हालांकि, आरोपी अब तक फरार है।

सूत्रों के मुताबिक विजिलेंस अब गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर परिवहन विभाग से पूरी जानकारी जुटाने में लगी है, साथ ही संदिग्ध मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। प्राथमिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि इस मामले में सी.आई.ए.-1 के अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल हो सकते हैं।

ऐसे में जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है और संबंधित सभी कर्मियों को रडार पर लिया गया है। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे नैटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

Related Story

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!