Edited By Vatika,Updated: 11 Sep, 2026 09:36 AM

नगर निगम द्वारा सिधवां नहर के किनारे पर्यावरण नियमों को ताक पर रखकर सेकेंडरी वेस्ट कलेक्शन
लुधियाना (राज): नगर निगम द्वारा सिधवां नहर के किनारे पर्यावरण नियमों को ताक पर रखकर सेकेंडरी वेस्ट कलेक्शन सेंटर स्थापित करने की योजना के खिलाफ भारी जन-विरोध शुरू हो गया है। नहर से महज 35 मीटर की दूरी पर स्थित ग्रीन बेल्ट की जमीन, प्रसिद्ध बाबा ईशर सिंह पब्लिक स्कूल और भाई रणधीर सिंह नगर की घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके के पास कंपैक्टर लगाने की तैयारी की जा रही है। इस पर कड़ा ऐतराज जताते हुए पब्लिक एक्शन कमेटी ने इंजीनियर कपिल देव के जरिए स्थानीय निकाय विभाग के प्रमुख सचिव, नगर निगम कमिश्नर, पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन और सिधवां नहर डिवीजन के एक्सईएन को विधिवत कानूनी डिमांड नोटिस भेजा है।
कंपैक्टर बनने से संक्रामक बीमारियां फैलने का गंभीर खतरा
पीएसी द्वारा भेजे गए लीगल नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि जिस सड़क के रास्ते भारी वाहनों से कूड़ा ढोया जाना प्रस्तावित है, वह सड़क वास्तव में जल संसाधन विभाग की सिधवां नहर डिवीजन की मिल्कियत है। कमेटी ने चिंता जताई कि लुधियाना में सफाई कर्मियों की हड़ताल या तकनीकी खराबी के दौरान अक्सर सड़कों पर ही कूड़े के बड़े-बड़े ढेर लग जाते हैं। ऐसे में स्कूल और नहर के बिल्कुल करीब कंपैक्टर बनने से दिन-रात भीषण बदबू, मक्खी-मच्छर और संक्रामक बीमारियां फैलने का गंभीर खतरा रहेगा। इसका सीधा दुष्प्रभाव स्कूल में पढ़ने वाले हजारों मासूम बच्चों के स्वास्थ्य और नहर किनारे की संवेदनशील हरियाली व आबोहवा पर पड़ेगा। कमेटी का आरोप है कि नगर निगम यह नया कंपैक्टर बीआरएस नगर मेन मार्केट (सुनेत) के पास चल रहे मौजूदा कंपैक्टर को वहां से हटाने के लिए बना रहा है, ताकि मार्केट के लिए अतिरिक्त जगह निकाली जा सके।
कमेटी ने नगर निगम को दी दो-टूक चेतावनी
पीएसी ने तर्क दिया कि प्रस्तावित ग्रीन बेल्ट साइट से मात्र 700 मीटर की दूरी पर सराभा नगर में पहले से ही एक स्टैटिक कंपैक्टर सुचारू रूप से कार्य कर रहा है। ऐसे में इतनी कम दूरी के भीतर पर्यावरण और स्कूली बच्चों के जीवन को दांव पर लगाकर एक और कंपैक्टर स्थापित करने का कोई तकनीकी या प्रशासनिक औचित्य नहीं बनता। पीएसी ने नोटिस के माध्यम से प्रशासन को व्यवहारिक सुझाव दिया है कि शहीद भगत सिंह नगर में पहले से खाली जमीन उपलब्ध है और उस इलाके में वास्तविक रूप से कूड़े की समस्या भी गंभीर है। निगम को सुनेत वाले कंपैक्टर को यथावत चालू रखना चाहिए और यदि नया कंपैक्टर लगाना ही है, तो उसे शहीद भगत सिंह नगर की खाली जगह पर स्थापित किया जाए। कमेटी ने नगर निगम को दो-टूक चेतावनी दी है कि प्रस्तावित ग्रीन बेल्ट साइट पर निर्माण कार्य तुरंत प्रभाव से रोका जाए। यदि निगम प्रशासन ने जनभावनाओं और पर्यावरण नियमों को दरकिनार कर जबरन निर्माण कार्य जारी रखा, तो कमेटी इस मामले को लेकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की शरण लेगी और अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करेगी।