Edited By Kalash,Updated: 12 May, 2026 01:33 PM

थाना जी.आर.पी. जालंधर की पुलिस ने ट्रेन में महिला यात्री का पर्स चोरी करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
जालंधर (महेश, गुलशन): थाना जी.आर.पी. जालंधर की पुलिस ने ट्रेन में महिला यात्री का पर्स चोरी करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों में 2 नाबालिग और एक बालिग शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 14 से 15 लाख रुपए मूल्य के सोने के गहने बरामद किए हैं। थाना प्रमुख एस.एच.ओ. सुखविंदर सिंह सरां ने बताया कि संयोगिता राणा पत्नी अमितपाल राणा निवासी अश्वाना अमरबाग, जिला जोधपुर (राजस्थान) ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह 5 मई को ट्रेन संख्या 14803 (भगत की कोठी) में जोधपुर से जम्मूतवी की यात्रा कर रही थीं। जालंधर स्टेशन के पास ट्रेन रुकने के दौरान किसी ने उनका पर्स चोरी कर लिया, जिसमें नकदी और कीमती सोने के गहने थे।
शिकायत के आधार पर 8 मई को थाना सिटी रेलवे जालंधर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। सी.सी.टी.वी. फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली। इसके बाद पुलिस ने जसकरण विरदी उर्फ लड्डू और चुलबुल दुबे उर्फ छोटू (दोनों नाबालिग) तथा जतिंदर उर्फ साईको (बालिग), निवासी आशु मोहल्ला, काजी मंडी, जालंधर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि बरामद गहनों की कीमत लगभग 14 से 15 लाख रुपए आंकी गई है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है, ताकि आगे पूछताछ कर मामले की पूरी कड़ी को उजागर किया जा सके। पीड़िता संयोगिता राणा ने चोरी की वारदात सुलझाने पर रेलवे पुलिस जालंधर का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर एस.एच.ओ. सुखविंदर सिंह सरां के साथ आर.पी.एफ. इंस्पैक्टर आर.एस. किन्हा और ए.एस.आई. हीरा सिंह भी मौजूद रहे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here