Edited By Urmila,Updated: 03 Aug, 2026 04:36 PM

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने सोमवार को पंजाब से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर पंजाब सरकार और कांग्रेस को घेरते हुए कई सवाल उठाए।
चंडीगढ़: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने सोमवार को पंजाब से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर पंजाब सरकार और कांग्रेस को घेरते हुए कई सवाल उठाए। उन्होंने नशे के खिलाफ अभियान, कांग्रेस में चल रहे विवाद, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं और बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी।
'नशा तस्करों से निपटने के लिए डिजिटल सिस्टम अपग्रेड करें'
तरुण चुघ ने कहा कि पंजाब में नशा तस्करों पर कार्रवाई के लिए अब पुराने तरीकों से काम नहीं चलेगा। उनका कहना था कि अपराधी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं, जबकि उन्हें पकड़ने के लिए अब भी पुरानी डिजिटल व्यवस्था अपनाई जा रही है। उन्होंने पंजाब सरकार से पुलिस व्यवस्था और जांच प्रणाली को आधुनिक तकनीक से लैस करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा चलाए जा रहे 'नशा मुक्त भारत' अभियान को सफल बनाने के लिए पंजाब सरकार को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। चुघ ने कहा कि नशे की लत से जूझ रहे युवाओं को अपराधी नहीं बल्कि समाज का हिस्सा मानते हुए उन्हें खेल, रोजगार, स्टार्टअप और स्किल इंडिया जैसी योजनाओं से जोड़कर मुख्यधारा में लाया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि नशे के खिलाफ अभियान की शुरुआत राजनीतिक नेतृत्व से होनी चाहिए। उनके अनुसार सभी राजनीतिक दलों के नेताओं को स्वयं आगे आकर इस मुहिम का हिस्सा बनना चाहिए, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए।
चन्नी के बयान पर कांग्रेस से मांगा जवाब
पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा जातिगत भेदभाव के लगाए गए आरोपों का उल्लेख करते हुए तरुण चुघ ने कांग्रेस से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि यदि चन्नी का आरोप सही है कि उन्हें अनुसूचित जाति (SC) से होने के कारण पीछे रखा गया, तो कांग्रेस नेतृत्व को इसकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए।
चुघ ने कहा कि पंजाब गुरुओं की धरती है, जहां जात-पात से ऊपर उठकर समाज को साथ लेकर चलने की सीख दी गई है। ऐसे में यदि किसी पूर्व मुख्यमंत्री को जातिगत भेदभाव का सामना करना पड़ा है तो यह गंभीर मामला है और कांग्रेस को इस पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की ऑडिट कराने की मांग
भाजपा नेता ने कहा कि केंद्र सरकार ने अमृतसर, जालंधर और लुधियाना के स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स के लिए हजारों करोड़ रुपये जारी किए, लेकिन इन परियोजनाओं का पूरा लाभ जमीन पर दिखाई नहीं देता। उन्होंने दावा किया कि करीब 4,498 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की ऑडिट और जांच कराई जानी चाहिए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि धन का उपयोग किस प्रकार हुआ उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं के लिए केंद्र ने फंड दिया, उनकी पारदर्शी समीक्षा होनी चाहिए और यदि कहीं गड़बड़ी हुई है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर कार्रवाई को बताया निंदनीय
बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज और दुर्व्यवहार के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए तरुण चुघ ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि यदि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों के साथ मारपीट हुई है या जातिसूचक टिप्पणियां की गई हैं तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरे पंजाब के सफाई कर्मचारियों के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाती रहेगी। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कानून के मुताबिक सजा दिलाने की मांग की।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here