Edited By Subhash Kapoor,Updated: 31 Jul, 2026 09:35 PM

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ द्वारा राज्यसभा में पंजाब के तीन शहरों के स्मार्ट सिटी के बारे पूछे गए प्रश्न के उत्तर में आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व...
चंडीगढ़/जालंधर : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ द्वारा राज्यसभा में पंजाब के तीन शहरों के स्मार्ट सिटी के बारे पूछे गए प्रश्न के उत्तर में आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पंजाब के तीन प्रमुख शहरों — अमृतसर, जालंधर एवं लुधियाना — को स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत कुल 4485 करोड़ रुपये की 204 परियोजनाएं दीं। चुघ ने कहा कि यह आंकड़ा इस बात का प्रमाण है कि गत वर्षों में मोदी सरकार ने पंजाब के शहरी विकास को अपनी प्राथमिकता में सबसे ऊपर रखा और प्रदेश के नगरों को आधुनिक, सुविधासंपन्न एवं भविष्य के लिए तैयार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
चुघ ने शहर-वार ब्यौरा देते हुए बताया कि अमृतसर में 44 परियोजनाओं पर 1911 करोड़ रुपये, जालंधर में 78 परियोजनाओं पर 1186 करोड़ रुपये तथा लुधियाना में 82 परियोजनाओं पर 1388 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। उन्होंने कहा कि यह राशि किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि पार्किंग, खेल अवसंरचना, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जल आपूर्ति, हरित क्षेत्र विकास एवं शहरी सुविधाओं जैसे हर उस पहलू को छूती है, जो आम नागरिक के दैनिक जीवन को सीधे प्रभावित करता है।
चुघ ने कहा कि मंत्रालय के उत्तर के अनुसार पंजाब सरकार ने बताया है की 31 मार्च 2026 तक पंजाब के इन तीनों शहरों में 204 में से 190 परियोजनाएं, अर्थात कुल परियोजनाओं की 93 प्रतिशत, 4148 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हो चुकी हैं।
चुघ ने प्रमुख परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि अमृतसर में कैरों मार्केट में स्वचालित मल्टी-लेवल कार पार्किंग, जालंधर में बर्लटन पार्क स्पोर्ट्स हब एवं शहर-स्तरीय ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना, तथा लुधियाना में गुरु नानक स्टेडियम की अत्याधुनिक फ्लड लाइट प्रणाली, जमालपुर डंप पर पुराने कचरे का जैव-उपचार एवं नेहरू रोज़ गार्डन का उद्यानीय विकास जैसी परियोजनाओं ने इन शहरों की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं खेल, स्वच्छता, यातायात एवं पर्यावरण — हर मोर्चे पर पंजाब के शहरों को नई पहचान दे रही हैं।
चुघ ने कहा कि जहां केंद्र सरकार पंजाब के शहरों में हज़ारों करोड़ की परियोजनाएं पूर्ण कर रही है, वहीं जनता यह भी देख रही है कि इन विकास कार्यों को धरातल पर उतारने में स्थानीय स्तर पर पंजाब सरकार का सहयोग एवं इच्छाशक्ति नाममात्र की एवं उदासीन है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने संसाधन, संकल्प एवं संरचना — तीनों उपलब्ध कराए, और आज अमृतसर, जालंधर तथा लुधियाना के नागरिक इन आधुनिक सुविधाएँ देने का फण्ड दिया पर लगातार स्थानीय नेताओं द्वारा भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और भाई भतीजावाद के आरोप लगते रहे हैं।
चुघ ने अंत में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का पंजाब के प्रति समर्पण किसी परिचय का मोहताज नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब के हर शहर, हर नागरिक एवं हर परिवार तक विकास पहुंचाना भाजपा एवं मोदी सरकार का संकल्प है, और यह कार्य आने वाले वर्षों में और तेज़ गति से आगे बढ़ेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र के इसी सशक्त सहयोग से पंजाब शीघ्र ही देश के अग्रणी विकसित राज्यों की पंक्ति में खड़ा होगा।
चुघ ने पंजाब सरकार को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए पैसों का सही तरीके से पूर्ण योजना बनाकर बिना लाग लपेट और बिना भेद भाव जमीन पर लगाने चाहिए ताकि तीनों शहर की नुहार बदल जाएँ, उन्होंने चिंता प्रकट की आम आदमी पार्टी की नौसिखिया, नालायक सरकार इतनी बड़ी राशि को ठीक से लगा पा रही होगी उन्होंने भ्रष्टाचारियों से विकास को दूर रखने की अपील की।