रक्षाबंधन से पहले बुझे घर के दो चिराग, एक साथ जली मासूम भाई-बहन की चिता

Edited By Kamini,Updated: 27 Aug, 2026 05:24 PM

snake bites innocent brother and sister

भाई-बहन के अटूट प्रेम और रक्षा के पावन पर्व रक्षाबंधन से ठीक पहले कस्बा बस्सियां में एक ऐसा दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जिसने हर आंख को नम कर दिया।

लुधियाना/रायकोट (राज) : भाई-बहन के अटूट प्रेम और रक्षा के पावन पर्व रक्षाबंधन से ठीक पहले कस्बा बस्सियां में एक ऐसा दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जिसने हर आंख को नम कर दिया। घर के आंगन में दादी के पास सो रहे 2 मासूम भाई-बहन को जहरीले सांप ने डस लिया। पहले 6 वर्षीय मासूम बहन की जान गई और इसके करीब 18 घंटे बाद जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए 8 वर्षीय भाई ने भी दम तोड़ दिया। त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं और गांव के श्मशान घाट में दोनों मासूमों की चिताएं एक साथ जलीं, जिसे देख पूरा इलाका रो पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायकोट के गांव बस्सियां निवासी अमनदीप सिंह का परिवार गर्मी के कारण घर के आंगन में खाटें बिछाकर सोया हुआ था। परिवार में अमनदीप सिंह, उनकी पत्नी, 3 बच्चे और उनकी बुजुर्ग मां जिंदर कौर मौजूद थीं। 8 वर्षीय बेटा जोबनप्रीत सिंह (तीसरी कक्षा का छात्र) और 6 वर्षीय बेटी जशनप्रीत/जसप्रीत कौर (पहली कक्षा की छात्रा) अपनी दादी जिंदर कौर के पास खाट पर सोए हुए थे। बुधवार तड़के करीब 3 बजे जोबनप्रीत अचानक नींद से जागा और रोते हुए अपनी दादी से बोला कि हाथ में किसी कीड़े ने काटा है।

दादी ने अंधेरे में सोचा कि शायद मच्छर ने काटा होगा, लेकिन जब बच्चा तेज दर्द से जोर-जोर से रोने लगा, तो सभी परिजन जाग गए। जब लाइट जलाकर देखा गया तो बच्चे के हाथ पर सांप के डंक के गहरे निशान थे और खाट के बिल्कुल नीचे एक जहरीला सांप रेंगता हुआ दिखाई दिया। परिजनों ने तुरंत जोबनप्रीत के हाथ पर कपड़ा बांध दिया ताकि जहर शरीर में न फैले, लेकिन तब तक उसे सांस लेने में भारी तकलीफ शुरू हो चुकी थी। इसी अफरा-तफरी के बीच 6 वर्षीय जशनप्रीत भी जाग गई और रोते हुए पिता से अपने भाई को तुरंत अस्पताल ले जाने की गुहार लगाने लगी। लेकिन कुछ ही पलों बाद बच्ची के शरीर में भी जहर का असर दिखने लगा और वह अचानक बेसुध होकर गिर पड़ी। तब परिजनों को अहसास हुआ कि सांप ने दोनों बच्चों को डस लिया है। घबराए परिजन दोनों मासूमों को तुरंत सिविल अस्पताल रायकोट लेकर भागे। 

सिविल अस्पताल रायकोट के डॉक्टरों ने जांच के बाद स्नेक बाइट की पुष्टि की और 6 वर्षीय जशनप्रीत कौर को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल जोबनप्रीत को नाजुक हालत में तुरंत लुधियाना के सीएमसी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसे बाल रोग विभाग के आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। डॉक्टरों की टीम ने जोबनप्रीत को बचाने के लिए पूरे प्रयास किए, लेकिन जहर पूरे शरीर में फैल जाने के कारण बुधवार देर रात उसने भी दम तोड़ दिया। रक्षाबंधन के त्योहार से ठीक पहले एक ही झटके में दोनों मासूम बच्चों की मौत से पीडि़त परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव बस्सियां में गमगीन माहौल के बीच जब दोनों मासूम भाई-बहन की अर्थियां एक साथ उठीं और चिताएं जलीं, तो पूरे गांव में चूल्हे तक नहीं जले।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!