Edited By Urmila,Updated: 18 Jul, 2026 02:16 PM

शहर के सिविल लाइंस इलाके में पारिवारिक विवाद उस समय हिंसक हो गया जब एक व्यक्ति ने अपने जीजा और अन्य लोगों पर घर पर हमला करने का आरोप लगाया।
लुधियाना: शहर के सिविल लाइंस इलाके में पारिवारिक विवाद उस समय हिंसक हो गया जब एक व्यक्ति ने अपने जीजा और अन्य लोगों पर घर पर हमला करने का आरोप लगाया। घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
घायल हैप्पी मेहरा (51) ने बताया कि परिवार में एक साझा संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। उनके अनुसार, संपत्ति में कुल सात हिस्सेदार हैं और उनकी छोटी बहन पूरे स्थान पर कब्जा करना चाहती है। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कहासुनी होती रही है।
पीड़ित का आरोप है कि शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे उनकी बहन ने अपने पति कमाल गरेवाल को बुलाया, जिसके बाद वह कुछ अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचा। आरोप है कि सभी ने घर पर ईंट-पत्थर बरसाए और लोहे की सरियों से हमला कर दिया। इस हमले में हैप्पी मेहरा के सिर पर गंभीर चोट आई।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर पहले दोनों पक्षों के बीच बहस होती दिखाई देती है और बाद में ईंट-पत्थर चलने की स्थिति बन जाती है। वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
घायल पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि हमले के बाद परिवार में दहशत का माहौल है और उन्हें दोबारा हमले की आशंका है। वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और घायल का मेडिकल करवाया गया है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here