Edited By Vatika,Updated: 10 Jul, 2026 09:26 AM

कानून-व्यवस्था के चीथड़े उड़ाते हुए बदमाशों द्वारा एक परिवार पर जानलेवा हमला करने और पिस्तौल से सीधे
लुधियाना (राज): गौतम कॉलोनी में सरेआम कानून-व्यवस्था के चीथड़े उड़ाते हुए बदमाशों द्वारा एक परिवार पर जानलेवा हमला करने और पिस्तौल से सीधे फायर करने का बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक युवक को रास्ते में घेरने की नाकाम कोशिश के बाद बदमाशों ने पहले उसे फोन पर जान से मारने की धमकियां दीं और बाद में एक सोची-समझी साज़िश के तहत मोटरसाइकिल, एक्टिवा और एक हुंडई 'वेन्यू' कार में सवार होकर आए 6 हमलावरों ने सरेआम गोलियां चला दीं।
सभी आरोपी हथियारों समेत मौके से फरार
पीड़ित परिवार ने दुकान में छुपकर मुश्किल से अपनी जान बचाई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी हथियारों समेत मौके से फरार हो गए। थाना टिब्बा की पुलिस ने नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कत्ल की नीयत से हमला करने और आर्म्स एक्ट के तहत संगीन मुक़दमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को दिए बयानों में अरुण वैद्य ने बताया कि बीते कल 09 जुलाई को वह काम से वापस अपने घर लौट रहा था। जब वह गौतम कॉलोनी की मुख्य गली के पास पहुँचा, तो वहां पहले से ही घात लगाकर बैठे आरोपी जस्करन, रोहित, दलीप कुमार, राजा और उनके 2 अन्य अज्ञात साथी खड़े थे। इन आरोपियों ने उस को देखकर उसे जबरन रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह खतरे को भांपते हुए रुका नहीं और आगे निकल गया। इससे बौखलाए आरोपी दलीप कुमार ने पीड़ित के वॉट्सऐप पर कॉल की और सरेआम ललकारते हुए उसे रास्ते में ही काट डालने और जान से मारने की खौफनाक धमकियां दे डालीं। जान का खतरा देखते हुए पीड़ित युवक गौतम कॉलोनी मुख्य मार्ग पर स्थित अपने चाचा दीपक कुमार की दुकान पर जाकर रुक गया। इस बीच वारदात की भनक लगते ही पीड़ित का परिवार— उसकी माता बबली, पिता राज कुमार और दूसरे चाचा राकेश वैद भी घबराकर दुकान पर ही पहुँच गए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ किया केस दर्ज
अभी पीड़ित अपने परिवार के सदस्यों को दलीप और उसके साथियों द्वारा दी गई धमकियों और हमले की योजना के बारे में बता ही रहा था कि अचानक गली में आरोपी एक मोटरसाइकिल, एक एक्टिवा स्कूटर और एक हुंडई 'वेन्यू' कार पर सवार होकर आए। सभी आरोपी तेजधार व मारू हथियारों और अवैध पिस्तौलों से पूरी तरह लैस थे। दुकान के बाहर पहुंचते ही आरोपियों ने पूरे परिवार को चारों तरफ से घेर लिया और मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां बकनी शुरू कर दीं। पीड़ित ने बताया कि इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, आरोपी जस्करन और रोहित ने उन्हें जान से मारने की सीधे नीयत से अपनी पिस्तौलें तान दीं और उनकी तरफ सीधा फायर कर दिया। गोली चलते ही इलाके में दहशत फैल गई। पीड़ित और उसके परिवार ने काउंटर और दुकान की दीवार के पीछे छुपकर बमुश्किल अपनी जान बचाई, जिसके कारण गोली उन्हें छूकर निकल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी हवा में हथियार लहराते हुए और दोबारा सामने आने पर भून देने की धमकी देते हुए अपने वाहनों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। थाना टिब्बा की पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर मुख्य आरोपी जस्करन, रोहित, दलीप कुमार, राजा और 2 अज्ञात गुर्गों के खिलाफ कत्ल की कोशिश करने आपराधिक साजिश रचने, दंगा करने और आर्म्स एक्ट (Arms Act) की संगीन व गैर-जमानती धाराओं के तहत एफ.आई.आर. (FIR) दर्ज कर ली है। जांच अधिकारियों का कहना है कि पुलिस ने वेन्यू कार (PB10HY9764) के नंबर के आधार पर आरोपियों के घरों और ठिकानों को लोकेट कर लिया है। पुलिस की स्पेशल टीमें आरोपियों की लास्ट लोकेशन ट्रेस कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी हमलावरों को हथियारों समेत गिरफ्तार कर लिया जाएगा।