Edited By Kalash,Updated: 11 May, 2026 10:59 AM

शहर के पक्खोवाल रोड पर स्थित एक नामी फूड प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में 'बाड़ ही खेत को खाने' का मामला सामने आया है।
लुधियाना (राज): शहर के पक्खोवाल रोड पर स्थित एक नामी फूड प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में 'बाड़ ही खेत को खाने' का मामला सामने आया है। कंपनी की सुरक्षा के लिए तैनात किए गए सिक्योरिटी गार्ड ने ही मालिक के भरोसे का कत्ल करते हुए लाखों का सामान चोरी कर लिया। थाना डिविजन नंबर 5 की पुलिस को दी गई शिकायत में कंपनी की कंप्यूटर ऑपरेटर ने आरोप लगाया है कि आरोपी गार्ड ने एक-दो बार नहीं, बल्कि लगातार तीन रातों तक कंपनी के भीतर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया।
न्यू न्यूट्री मैक्स फूड प्राइवेट लिमिटेड (गुरुदेव नगर) की कर्मचारी ने बताया कि उनकी फर्म ने 'स्विफ्ट सिक्योरिटी सॉल्यूशन' कंपनी के जरिए संजीव कुमार नामक गार्ड को काम पर रखा था। शक की सुई तब घूमी जब जनवरी और फरवरी के बीच संजीव की पहली ड्यूटी के दौरान दफ्तर से कुछ कीमती चीजें गायब हुई थीं। इसके बाद जब 2 मई से संजीव को दोबारा रात की ड्यूटी पर लगाया गया, तो उसने कंपनी को अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने 4 और 5 मई की दरमियानी रात को ड्यूटी पर रहते हुए सिलाई मशीनों की मोटरें, दो एसी स्टेबलाइजर, तीन एसी आउटडोर यूनिट और तांबे की पाइपें चोरी कर लीं। आरोपी का दुस्साहस यहीं नहीं रुका उसने अगली रात यानी 6 और 7 मई के बीच लोहे के 6 फुट और 20 फुट लंबे भारी-भरकम एंगल गायब कर दिए। वारदात के तीसरे दिन 7 और 8 मई की रात को आरोपी ने स्विमिंग पूल के लोहे के पाइप और तांबे की तारों का पूरा बंडल चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गया। लगातार हो रही चोरी के बाद जब कंपनी प्रबंधन ने स्टॉक और सामान की जांच की, तो गार्ड की करतूतों का खुलासा हुआ। फिलहाल, पुलिस ने कंप्यूटर ऑपरेटर के बयान के आधार पर आरोपी सिक्योरिटी गार्ड संजीव कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here