Edited By Vatika,Updated: 07 Apr, 2026 09:31 AM

महानगर के शिमलापुरी इलाके में स्थित मोहल्ला कोट मंगल सिंह में दिनदहाड़े एक ऐसी
लुधियाना(राज): महानगर के शिमलापुरी इलाके में स्थित मोहल्ला कोट मंगल सिंह में दिनदहाड़े एक ऐसी वारदात हुई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। एक शातिर ठग ने फिल्मी अंदाज में न केवल ज्वेलर की दुकान से चांदी का कड़ा चोरी किया, बल्कि दिलेरी दिखाने वाले दुकानदार को अपनी बाइक के पीछे करीब आधा किलोमीटर तक बेरहमी से घसीटा।
करीब 8 मिनट तक शातिर ठग करता रहा नाटक
इस खौफनाक मंजर को देखकर बाजार में मौजूद लोगों की रूह कांप गई। सड़क पर घिसटने के कारण पीड़ित दुकानदार लहूलुहान हो गया है और उसे गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित दुकानदार मनोज, जो बग्गा ज्वेलर के नाम से दुकान चलाते हैं, ने बताया कि वारदात के वक्त एक युवक उनकी दुकान पर आया और 32 ग्राम चांदी का कड़ा दिखाने को कहा। मनोज ने ग्राहक समझकर उसे दो कड़े दिखाए। करीब 8 मिनट तक शातिर ठग दुकान के अंदर कड़े पसंद करने का नाटक करता रहा। इसी बीच उसने अपने कान पर फोन लगाया और बात करने का स्वांग रचते हुए अचानक कड़ा लेकर दुकान से बाहर की तरफ दौड़ लगा दी। ठग ने अपनी बाइक दुकान के बाहर स्टार्ट ही खड़ी की थी ताकि वारदात के बाद तुरंत फरार हो सके।
सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई पूरी घटना
जैसे ही आरोपी बाइक पर बैठने लगा, मनोज ने फुर्ती दिखाते हुए उसे पीछे से दबोच लिया। लेकिन आरोपी के सिर पर खून सवार था, उसने रुकने के बजाय बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। मनोज ने हिम्मत नहीं हारी और बाइक को पीछे से मजबूती से पकड़े रखा। हैवान बने ठग ने सरेबाजार तेज रफ्तार बाइक दौड़ाई और मनोज को करीब 500 मीटर तक सड़क पर घसीटता हुआ ले गया। अंत में चोटों के कारण मनोज की पकड़ ढीली हो गई और आरोपी फरार होने में कामयाब रहा।वारदात की यह पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। मामला थाना डिवीजन नंबर-6 के अधिकार क्षेत्र का है। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एसीपी सतविंदर सिंह विर्क ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कहा कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।