Edited By Kamini,Updated: 10 Aug, 2026 12:32 PM

घर में चोरी करने घुसे करीब आधा दर्जन चोरों का बहादुरी से सामना करके और उनमें से एक को पकड़कर महिला ने बड़ी मिसाल पेश की है।
तरनतारन (रमन): घर में चोरी करने घुसे करीब आधा दर्जन चोरों का बहादुरी से सामना करके और उनमें से एक को पकड़कर महिला ने बड़ी मिसाल पेश की है। इस दौरान चोरों से लड़ते हुए महिला को हल्की चोटें आईं, जबकि उसके कपड़े भी फट गए। फिलहाल, हरिके थाने की पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी चार फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
तलबीर सिंह उर्फ काला पुत्र परषोत्तम सिंह निवासी गांव तुंग ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि 2 अगस्त की रात को जब वह खेतों में मोटर बंद करके रात करीब 10 बजे घर लौटा तो उसने देखा कि उसके घर के बाहर 2 अनजान लोग खड़े थे, जिनके हाथों में डंडे थे और विशाल सिंह पुत्र जैमल सिंह, हुसनप्रीत सिंह पुत्र काला सिंह निवासी गांव तुंग और एक अन्य अनजान व्यक्ति हमारे घर में खड़े थे। इस दौरान उसकी पत्नी ने बताया कि ये तीनों लोग दीवार फांदकर उसके घर में घुस आए थे और उसकी मोटरसाइकिल और कार चोरी करने की कोशिश की थी।
तलबीर सिंह ने बताया कि चोरों ने तेजधार हथियार की नोक पर ऑल्टो कार को ले जाने की कोशिश की, लेकिन उसकी पत्नी ने हिम्मत करके इसका विरोध किया, जिसके बाद आरोपियों ने उसकी पत्नी को पीटा, घायल कर दिया और उसकी शर्ट फाड़ दी। इस दौरान उसकी पत्नी ने विशाल सिंह को पकड़ लिया, जबकि बाकी लोग भाग निकले।
इस बारे में जानकारी देते हुए हरिके थाने के ASI सुखदेव सिंह ने बताया कि इस मामले में विशाल सिंह पुत्र जैमल सिंह निवासी गांव तुंग को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि उसके फरार साथी हुसनप्रीत सिंह पुत्र काला सिंह और 3 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here