फिरौती के लिए फायरिंग करने वाले 2 मुख्य शार्प शूटर गिरफ्तार, ऑस्ट्रेलियाई नेटवर्क से जुड़े तार

Edited By Kalash,Updated: 16 Aug, 2026 05:31 PM

ransom case sharpshooters arrest

थाना सिटी मलोट के मुख्य अधिकारी इंस्पेक्टर जसकरणदीप सिंह की पुलिस टीम ने मलोट की स्टार सिटी कॉलोनी में फिरौती की नीयत से की गई फायरिंग के सनसनीखेज मामले में शामिल 2 मुख्य शार्प शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है।

श्री मुक्तसर साहिब (तनेजा, खुराना): थाना सिटी मलोट के मुख्य अधिकारी इंस्पेक्टर जसकरणदीप सिंह की पुलिस टीम ने मलोट की स्टार सिटी कॉलोनी में फिरौती की नीयत से की गई फायरिंग के सनसनीखेज मामले में शामिल 2 मुख्य शार्प शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना स्टार सिटी कॉलोनी स्थित एक मकान की है, जहां 2 मोटरसाइकिल सवारों ने गोलियां चलाई थी। इस संबंध में थाना सिटी मलोट में धारा 125 बी.एन.एस. और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। 

जांच के आगे बढ़ने पर मामले में धारा 308 (5), 351(3) और 61(2) बी.एन.एस. भी जोड़ी गईं। जिस मकान पर फायरिंग हुई थी, उसके मालिक दिल्ली में रहते हैं और घर की देखभाल करने वाले माली के बयानों पर यह प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस तफ्तीश में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ कि इस वारदात की मुख्य साजिश ऑस्ट्रेलिया में रह रहे गुरजंट सिंह उर्फ जंटा खरड़ ने रची थी। गुरजंट सिंह पहले छोटे-मोटे अपराधों में शामिल रहा है और उसी के इशारे पर इन दोनों शूटरों ने फिरौती वसूलने के उद्देश्य से फायरिंग की थी।

पुलिस की विशेष टीम ने लगातार छापेमारी करते हुए 14 अगस्त को गुरुग्राम (हरियाणा) से दोनों शार्प शूटरों नीगम उर्फ देवा (निवासी गांव गामड़ी, सोनीपत) और रविंदर उर्फ बिंदर (निवासी गांव खानपुर कलां, सोनीपत) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी सुपारी लेकर आपराधिक वारदातों को अंजाम देने का काम करते हैं और उनके खिलाफ पहले से भी हरियाणा और राजस्थान में चोरी, स्नैचिंग तथा असला एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।

माननीय अदालत ने दोनों आरोपियों को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड के दौरान पुलिस वारदात में प्रयुक्त हथियार, मोटरसाइकिल और अन्य महत्वपूर्ण सबूत बरामद करने के साथ-साथ गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुख्य साजिशकर्ता सहित अन्य सह-आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश जारी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!