Edited By Vatika,Updated: 27 Apr, 2026 11:11 AM

पंजाब और चंडीगढ़ में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ द्वारा जारी ताज़ा मीडिया बुलेटिन
चंडीगढ़: पंजाब और चंडीगढ़ में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ द्वारा जारी ताज़ा मीडिया बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब के विभिन्न हिस्सों में हीट वेव (लू) की स्थिति दर्ज की गई है। हालांकि, राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई है।
अमृतसर में दर्ज किया गया 21 डिग्री सेल्सियस
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पंजाब में औसतन अधिकतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं, रात के न्यूनतम तापमान में भी 0.3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है, लेकिन यह भी सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक बना हुआ है। पंजाब में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री रहा। राज्य का सबसे कम तापमान अमृतसर में 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री रहा।
पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों के लिए राहत भरी खबर
लुधियाना में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों के लिए राहत भरी खबर यह है कि आने वाले दिनों में मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, 27 से 30 अप्रैल के बीच पंजाब में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान गरज-चमक के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।