Edited By Vatika,Updated: 01 Oct, 2026 03:48 PM

पंजाब में रेगुलर DGP की नियुक्ति के मामले को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में सुनवाई हुई
चंडीगढ़: पंजाब में रेगुलर DGP की नियुक्ति के मामले को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए पंजाब के मुख्य सचिव से जवाब मांगा है। हाईकोर्ट ने मुख्य सचिव को 10 दिन के भीतर यह स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं कि राज्य में नियमित DGP की नियुक्ति कब तक की जाएगी। अदालत ने कहा कि DGP का पद बेहद महत्वपूर्ण है और इससे पूरे राज्य की कानून-व्यवस्था जुड़ी होती है। ऐसे महत्वपूर्ण पद को अंतरिम या अस्थायी व्यवस्था के जरिए अनिश्चित समय तक नहीं चलाया जा सकता।
मौजूदा DGP गौरव यादव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी सूची में
सरकार की ओर से भेजी गई सूची में मौजूदा कार्यकारी DGP गौरव यादव का नाम भी शामिल है। उनके अलावा 1992 बैच के शरद सत्या चौहान, कुलदीप सिंह और हरप्रीत सिंह सिद्धू के नाम भी सूची में हैं। 1993 बैच में गुरप्रीत कौर दियो, जतिंदर कुमार जैन और शशि प्रभा द्विवेदी के नाम शामिल हैं। वहीं 1994 बैच के सुधांशु शेखर श्रीवास्तव समेत 7 अन्य अधिकारियों के नाम भी सूची का हिस्सा हैं। दूसरी ओर, 1989 बैच के सामंत गोयल ने इस पद के लिए अपनी अनिच्छा जताई है। वहीं अर्पित शुक्ला और ईश्वर सिंह के सेवानिवृत्ति के करीब होने के कारण इस प्रक्रिया में शामिल नहीं होने की बात कही गई है।
UPSC तीन नामों का पैनल करेगी फाइनल
नियमों के अनुसार, राज्य सरकार की ओर से भेजे गए अधिकारियों के पैनल पर विचार करने के लिए UPSC के चेयरमैन की अध्यक्षता में एक समिति बनाई जाती है। इस समिति में केंद्रीय गृह सचिव, राज्य के मुख्य सचिव और मौजूदा DGP शामिल होते हैं। समिति वरिष्ठता और योग्यता समेत निर्धारित मानकों के आधार पर तीन अधिकारियों के नाम फाइनल करके राज्य सरकार को भेजेगी। इसके बाद सरकार इन तीन नामों में से किसी एक अधिकारी को नियमित DGP नियुक्त करेगी।