Edited By Urmila,Updated: 03 Apr, 2026 01:54 PM

जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।
श्री मुक्तसर साहिब (तनेजा, खुराना): जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। वरिष्ठ पुलिस कप्तान (एस.एस.पी.) अभिमन्यु राणा के दिशा-निर्देशों पर जिला पुलिस द्वारा एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य आम जनता को ट्रैफिक नियमों के प्रति सचेत करना और सड़कों पर सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न हिस्सों में सैमीनार आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से वाहन चालकों को यातायात नियमों के महत्व के बारे में शिक्षित किया जा रहा है। हालांकि, केवल जागरूकता ही नहीं, बल्कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस कड़ा रुख भी अपना रही है। पुलिस टीमों ने जगह-जगह नाकेबंदी कर वाहनों के दस्तावेजों की गहन जांच की।
एस.एस.पी. अभिमन्यु राणा ने बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर कुल 218 वाहनों के चालान काटे गए हैं। दस्तावेजों की कमी और बिना नंबर प्लेट के पाए जाने वाले 33 वाहनों को जब्त (इंपाऊंड) किया गया है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बाजारों में खरीदारी करते समय अपने वाहन सड़क के बीच में न खड़े करें, बल्कि उन्हें निर्धारित पार्किंग में ही लगाएं। इसके अलावा, वाहन चलाते समय निम्नलिखित दस्तावेज ड्राइविंग लाइसैंस, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, इंश्योरैंस, प्रदूषण सर्टिफिकेट साथ रखना अनिवार्य है।
एस.एस.पी. ने अभिभावकों से विशेष आग्रह किया है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन न दें, क्योंकि इससे न केवल कानून का उल्लंघन होता है, बल्कि गंभीर हादसों का खतरा भी बना रहता है। रात के समय ड्राइविंग करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। जिला पुलिस ने जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन करना न केवल कानूनी मजबूरी है, बल्कि यह आपकी और दूसरों की जान बचाने के लिए भी आवश्यक है। किसी भी प्रकार की सूचना देने के लिए पुलिस ने हैल्पलाइन नंबर 80549-42100 जारी किया है, जिस पर जानकारी देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here