Edited By Vatika,Updated: 04 May, 2026 10:26 AM

आजाद किसान मोर्चा (ए.के.एम.) पंजाब की ओर से किसानों और मजदूरों की मांगों को लेकर
चंडीगढ़: आजाद किसान मोर्चा (ए.के.एम.) पंजाब की ओर से किसानों और मजदूरों की मांगों को लेकर 4 मई को पंजाब के सभी टोल प्लाजा अनिश्चित समय के लिए बंद करने का ऐलान किया गया था, लेकिन राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया द्वारा बैठक का न्योता मिलने के बाद संगठन ने अपना फैसला बदल लिया है।
किसानों और मजदूरों की मांगों पर चर्चा के लिए अहम बैठक बुलाई गई
अब 16 किसान संगठनों पर आधारित ए.के.एम. पंजाब 4 मई को पूरे दिन टोल प्लाजा बंद करने की बजाय केवल सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक 3 घंटे के लिए टोल फ्री करेगा। ए.के.एम. पंजाब के नेता सुख गिल मोगा ने बताया कि गवर्नर हाउस की ओर से किसानों और मजदूरों की मांगों पर चर्चा के लिए अहम बैठक बुलाई गई है। यह बैठक 4 मई शाम 6:15 बजे गवर्नर हाउस, चंडीगढ़ में राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के साथ होगी।
टोल प्लाजा पर नहीं लगेगा पूर्ण जाम
इस बैठक में ए.के.एम. पंजाब का प्रतिनिधिमंडल शामिल होगा और किसानों व मजदूरों के अहम मुद्दों को लेकर बातचीत करेगा। इससे पहले संगठन ने अपनी मांगों को मनवाने के लिए राज्यभर के टोल प्लाजा को स्थायी रूप से जाम करने की चेतावनी दी थी, जिससे आम लोगों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका थी। हालांकि अब प्रशासन द्वारा बातचीत का रास्ता खुलने के बाद टोल प्लाजा पर पूर्ण जाम नहीं लगेगा और आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।