Edited By VANSH Sharma,Updated: 22 Mar, 2026 08:17 PM

पंजाब केसरी ग्रुप के होटल पार्क प्लाजा पर प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई को लेकर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है।
हाजीपुर (जोशी): पंजाब केसरी ग्रुप के होटल पार्क प्लाजा पर प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई को लेकर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। आज जिला कांग्रेस किसान सेल के प्रधान अमरजीत सिंह ढाडेकटवाल के नेतृत्व में गांव ढाडेकटवाल में एकत्रित हुए सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला फूंककर अपना गुस्सा जाहिर किया।
रोष प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए अमरजीत सिंह ढाडेकटवाल ने सीधे तौर पर मान सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मान सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए मीडिया घरानों को निशाना बना रही है। पंजाब केसरी ग्रुप द्वारा सरकार की असलियत उजागर करने के कारण ही यह कार्रवाई की गई है।
ढाडेकटवाल ने स्पष्ट किया कि पंजाब केसरी ग्रुप ऐसी "गीदड़ भभकियों" से डरने वाला नहीं है और सच की आवाज बुलंद करता रहेगा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मान सरकार अपनी बौखलाहट में ऐसे कदम उठा रही है, लेकिन जनता सब देख रही है। उन्होंने कहा कि मीडिया पर हमला लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को कमजोर करने के समान है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने "पंजाब सरकार मुर्दाबाद" के गूंजते हुए नारे लगाए। अमरजीत सिंह ने कहा कि पंजाब के लोग वर्तमान सरकार से ऊब चुके हैं और 2027 के चुनावों में कांग्रेस पार्टी भारी बहुमत के साथ वापसी करेगी।
इस अवसर पर रविंदर सिंह, जवाहर सिंह, कमलजीत सिंह, हर्षप्रीत सिंह, रोहित, जतिन, जग्गा सिंह, नवदीप सिंह, जतिंदर सिंह, बलवीर सिंह, झुजार सिंह, चेन सिंह, सुरिंदर सिंह, अश्वनी कुमार, जसवंत सिंह, प्रगट सिंह तथा दारा सिंह सहित भारी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here