Edited By Vatika,Updated: 03 Aug, 2026 11:09 AM

ठेका कर्मचारियों की इस हड़ताल दौरान पक्के कर्मचारी बसें चलाएंगे
जालंधर(पुनीत): पबनस/पी.आर.टी.सी. ठेका कर्मचारी यूनियन से संबंधित कर्मचारियों ने रविवार रात 12 बजे से हड़ताल शुरू कर दी है, इसके चलते 3, 4 व 5 अगस्त को सरकारी बसों का चक्का जाम रहेगा। वहीं, यूनियन द्वारा बड़े स्तर धरने प्रदर्शन किए जाएंगे।
यूनियन के प्रदेश महासचिव शमशेर सिंह ढिल्लों ने कहा कि सोमवार को सरकार व अधिकारियों के साथ होने वाली मीटिंग में यूनियन अपने लंबित मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने कहा कि यदि मांगों का हल न हुआ तो यूनियन आर-पार की लड़ाई लड़ने को तैयार है। वहीं, ठेका कर्मचारियों की इस हड़ताल दौरान पक्के कर्मचारी बसें चलाएंगे। इस समय प्रत्येक डिपो में मात्र कुछ एक पक्के कर्मचारी कार्यरत्त है, जिसके चलते पूरे पंजाब में 100 बसों का परिचालन होना भी मुश्किल है। इसके चलते सफर पर जाने वाले यात्रियों को दिक्कतें और परेशानियां पेश आएगी। यूनियन द्वारा की जाने वाली हड़ताल के चलते शाम को पंजाब से बाहर जाने वाली बसों का परिचालन नहीं हो पाया। इसके चलते यात्रियों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
डिपो-2 के प्रधान सतपाल सिंह सत्ता, डिपो-1 से चानण सिंह ने बताया कि हड़ताल के दौरान बस अड्डे व डिपुओं में रोष धरने दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उनकी मांगों को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही, जिसके चलते वह विरोध जताने को मजबूर हैं। नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों को पक्का करने की मांग को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। वहीं, आऊटसोर्स के क्रम में ठेकेदार को बाहर निकाल कर कर्मचारियों से सीधे तौर पर सेवाएं लेने प्रति गंभीरता नहीं दिखाई जा रही। विभाग द्वारा ठेकेदार को मोटी राशि अदा की जा रही है और बड़े स्तर पर टैक्स भी देना पड़ रहा है, जबकि विभाग करोड़ों रुपए बचा सकता है। वहीं, किलोमीटर स्कीम की बसें डालने का विरोध जताते हुए नेताओं ने कहा कि निजीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है जिसे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।