Edited By Sunita sarangal,Updated: 16 May, 2026 05:48 PM

इस संबंध में जानकारी देते हुए मानसा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भागीरथ सिंह मीना ने बताया कि 15 मई को मानसा के सिटी-2 पुलिस स्टेशन के सिविल अस्पताल से एक रिपोर्ट प्राप्त हुई
मानसा(संदीप मित्तल): भट्टा बस्ती में एक परिवार पर हुए जानलेवा हमले के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मानसा पुलिस ने कुछ ही घंटों में 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने शेष आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मानसा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भागीरथ सिंह मीना ने बताया कि 15 मई को मानसा के सिटी-2 पुलिस स्टेशन के सिविल अस्पताल से एक रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिसमें सूचना दी गई कि भट्टा बस्ती निवासी अरमान पुत्र कुलदीप सिंह, पूनम रानी पत्नी कुलदीप सिंह और कुलदीप सिंह पुत्र मीहां सिंह लड़ाई झगड़े के दौरान घायल होने के कारण अस्पताल में दाखिल हैं। यह सूचना मिलते ही थाना सिटी-2 मानसा के पुलिस अधिकारी अमरीक सिंह सहित पुलिस दल तुरंत अस्पताल पहुंचा और घायल अरमान का बयान दर्ज किया गया। अपने बयान में अरमान ने बताया कि 14 मई को शाम करीब 6 बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर बैठा था, तभी वार्ड नंबर 27 मानसा के कुछ लोग हथियारों से लैस होकर उसके घर में घुस आए।
शिकायतकर्ता के अनुसार हमलावरों में विजय कुमार पुत्र पुरी राम, अवतार उर्फ मुगली पुत्र विजय उर्फ गूंगा, ओम पुत्र मालटा, सोनू पुत्र विजय कुमार, दीपा, राम पुत्र मुख्तियार सिंह, उषा देवी पत्नी शिंदी राम, पूजा पत्नी बिंदी, भोली पत्नी जग्गू, रेसू पत्नी मुख्तियार, वीना पत्नी शोंकी, मिंदो पत्नी देबी राम, रेखा पत्नी सुरजीत, अंगद पुत्र शिंदा सिंह, वीर पुत्र शिंदा और गीता पत्नी गोमा सहित अन्य अज्ञात व्यक्ति शामित थे। आरोप है कि उक्त व्यक्ति राड, सरिए और बेसबैट से लैस होकर घर में दाखिल हुए और परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में अरमान समेत उसके परिवारिक सदस्य घायल हो गए जिनको सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए अपने बयान में यह भी बताया कि उक्त लोग अक्सर भट्टा बस्ती की मुख्य सड़क पर खड़े होकर शरारत करते थे। उसने कहा कि मोहल्ले की महिलाएं और लड़कियां काम के लिए इसी रास्ते से आती-जाती थीं, इसलिए वे इन लोगों को वहां खड़े होने से रोकती थी। इसी बात को ध्यान में रखते हुए हमलावरों ने मिलकर अरमान के परिवार पर दबाव बनाने के इरादे से हमला किया। अरमान के बयान के आधार पर, पुलिस स्टेशन सिटी-2 मानसा में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए, वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा तुरंत विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस उपाधीक्षक (प्रमुख) मानसा हरजिंदर सिंह गिल के मार्गदर्शन में, पुलिस स्टेशन सिटी-2 मानसा के मुख्य अधिकारी इंस्पेक्टर गुरतेज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गिरफ्तार संदिग्धों से पूछताछ जारी रखे हुए है और हमले में इस्तेमाल किए गए हथियारों की भी जांच कर रही है।
एस.एस.पी. मानसा ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा और मामले की गहन जांच के लिए पुलिस रिमांड प्राप्त की जाएगी। उन्होंने कहा कि शेष आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मानसा पुलिस जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी या असामाजिक गतिविधि को सख्ती से दबाया जाएगा। पुलिस ने लोगों से क्षेत्र में शांति और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए पुलिस के साथ सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here