Edited By Urmila,Updated: 23 Aug, 2026 11:28 AM

पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू और सोशल वर्कर अनमोल क्वात्रा के बीच पॉडकास्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद अब धीरे-धीरे शांत होता नजर आ रहा है।
पंजाब डेस्क : पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू और सोशल वर्कर अनमोल क्वात्रा के बीच पॉडकास्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद अब धीरे-धीरे शांत होता नजर आ रहा है। कुछ दिन पहले तक सोशल मीडिया पर दोनों की दोस्ती और कथित पैसों की मांग को लेकर चर्चाएं थीं, लेकिन अब दोनों पक्षों के रुख में बदलाव देखने को मिला है।
विवाद की शुरुआत उस वक्त हुई, जब गुलाब सिद्धू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए बिना नाम लिए दावा किया कि एक करीबी व्यक्ति ने पॉडकास्ट में शामिल होने के बदले उनसे 2-3 लाख रुपये मांगे। गुलाब ने कहा था कि रकम उनके लिए बड़ी बात नहीं है, लेकिन किसी करीबी से ऐसी मांग होने से उन्हें ज्यादा दुख पहुंचा। इस बयान के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे अनमोल क्वात्रा से जोड़ना शुरू कर दिया।
इसके बाद अनमोल क्वात्रा को सोशल मीडिया पर काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। मामला बढ़ता देख उन्होंने अपनी चुप्पी तोड़ी और गुलाब सिद्धू के साथ अपने रिश्ते को लेकर भावुक बयान दिया। अनमोल ने कहा कि गुलाब उनके लिए आज भी भाई हैं और दोनों के बीच जो रिश्ता रहा है, वह उनकी तरफ से खत्म नहीं हुआ।
अनमोल ने ट्रोलिंग से ज्यादा गुलाब की फिल्म को दी तवज्जो
अनमोल क्वात्रा ने विवाद के बीच लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया की चर्चाओं को अलग रखते हुए गुलाब सिद्धू की 21 अगस्त को रिलीज हुई पहली फिल्म को जरूर देखा जाए। उन्होंने कहा कि किसी कलाकार की मेहनत को निजी विवाद के कारण नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। अनमोल ने यहां तक कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वह अपनी तरफ से लोगों को टिकट के पैसे देकर गुलाब की फिल्म दिखाने के लिए तैयार हैं। उनके इस रुख को दोनों के बीच रिश्ते को बचाने की कोशिश के तौर पर देखा गया।
सोशल मीडिया पर निजी विवाद बना चर्चा का विषय
इस पूरे मामले में सोशल मीडिया की भूमिका भी चर्चा में रही। दोनों के बीच हुई निजी बातचीत को लेकर अलग-अलग तरह की पोस्ट, मीम्स और वीडियो सामने आने लगे। देखते ही देखते निजी विवाद सोशल मीडिया की बहस बन गया और अनमोल क्वात्रा को ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा।
गुलाब सिद्धू ने भी मांगी माफी
विवाद के बीच गुलाब सिद्धू के तेवर भी नरम पड़ते दिखाई दिए। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी बातों को लेकर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि अगर उनकी किसी बात से किसी को दुख पहुंचा है या किसी को गुस्सा आया है तो वह इसके लिए दिल से माफी मांगते हैं।
फिलहाल दोनों के बीच विवाद को लेकर अनमोल क्वात्रा रविवार को अपनी तरफ से पूरी बात और इससे जुड़े सबूत सार्वजनिक करने की बात कह चुके हैं। अब सभी की नजरें उनके अगले बयान पर हैं कि आखिर पॉडकास्ट की फीस को लेकर शुरू हुए इस विवाद के पीछे पूरा मामला क्या था।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here