Edited By Vatika,Updated: 20 Apr, 2026 12:42 PM

अमृतसर के ब्यास के एक गांव से हैरान वाला मामला सामने आया है, जहां एक सिरफिरा युवक करीब 7
पंजाब डेस्कः अमृतसर के ब्यास के एक गांव से हैरान वाला मामला सामने आया है, जहां एक सिरफिरा युवक करीब 7 महीने से नाबालिग लड़की को लगातार परेशान कर रहा था। बताया जा रहा है कि परिवार द्वारा कई बार समझाने और पुलिस में शिकायत देने के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। आखिरकार हालात इतने बिगड़ गए कि पीड़िता की मां को निहंग जत्थे से मदद लेनी पड़ी।
तेजधार हथियार दिखाकर की डराने की कोशिश
जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने पिता की मौत के बाद लुधियाना में अपने नाना-नानी के घर रह रही थी। इसी बीच गांव का एक युवक उसे स्कूल आते-जाते समय छेड़छाड़ करता था। यहां तक कि स्कूल जाते समय रास्ते में रोककर जबरन बात करने का दबाव बनाने लग पड़ा, और तो और किसी से मेरा नंबर लेकर मोबाइल पर मैसेज भेजता था। जब उसने युवक की बात मानने से इनकार किया तो उसने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दीं। आरोपी ने उसके सामने गोलियां और तेजधार हथियार दिखाकर डराने की कोशिश की, डर के कारण लड़की को मजबूरी में उसके मैसेज का जवाब देना पड़ा।
निहंग ने आरोपी को दी सख्त चेतावनी
पीड़िता की मां ने बताया कि उन्होंने पहले गांव में लोगों को इस बारे में जानकारी दी और पुलिस में भी शिकायत दर्ज करवाई। पंचायत में भी आरोपी ने माफी मांगकर दोबारा ऐसी हरकत न करने का वादा किया था, लेकिन इसके बावजूद वह नहीं माना और लड़की को परेशान करता रहा। आखिरकार मां ने लुधियाना के निहंग कुलदीप सिंह खालसा से संपर्क किया और मदद की गुहार लगाई। इसके बाद निहंग जत्था गांव पहुंचा, जहां उन्होंने आरोपी युवक को पकड़कर उसके घर ले जाकर उससे हथियार सौंपने को कहा। इस दौरान गांव वाले भी मौके पर जुट गए और आरोपी के खिलाफ गवाही दी। वहीं गांव के सरपंच और अन्य लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत कराया गया। पंचायत में आरोपी और उसके परिवार ने भविष्य में ऐसी हरकत न करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद निहंगों ने उसे छोड़ दिया। निहंग कुलदीप सिंह खालसा ने चेतावनी दी है कि अगर आरोपी ने दोबारा ऐसी हरकत की तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।