अमृतसर में आबकारी विभाग का हल्ला बोल: शराब कारोबारियों में हड़कंप

Edited By Kalash,Updated: 30 May, 2026 10:01 AM

excise department action in amritsar

पंजाब में अवैध शराब के कारोबार और तस्करों के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है।

अमृतसर (इन्द्रजीत): पंजाब में अवैध शराब के कारोबार और तस्करों के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। उच्चाधिकारियों से मिले सख्त निर्देशों के बाद विभाग की टीम जमीनी स्तर पर उतरकर लगातार छापेमारी और चैकिंग अभियान चला रही है। इसी कड़ी में जिला आबकारी अधिकारी रमन भगत (अमृतसर-3) की देखरेख में विभाग की एक विशेष टीम ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सघन चैकिंग अभियान चलाया।

पुलिस विभाग से रणनीतिक चर्चा के बाद आबकारी टीम ने अटारी रोड स्थित इंडिया गेट के पास मौजूद "मॉडल शॉप" पर औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। सहायक आबकारी अधिकारी रमन शर्मा की मौजूदगी में टीम ने दुकान के भीतर मौजूद शराब के स्टॉक की गहनता से जांच की। इसके साथ ही दुकान के आधिकारिक स्टॉक रजिस्टरों का मिलान किया गया ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वहां कोई भी अवैध या बिना रिकॉर्ड वाली शराब न बेची जा रही हो। अधिकारियों के अनुसार नियमों में किसी भी तरह की कोताही पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सक्रिय शराब तस्करों की गतिविधियों पर हुई चर्चा 

अभियान का नेतृत्व कर रहे सहायक आबकारी अधिकारी (ए.ई.टी.ओ.) रमन कुमार शर्मा ने आबकारी पुलिस स्टाफ के साथ विशेष रूप से छहरर्टा पुलिस स्टेशन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने घरिंडा के थाना प्रभारी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में मुख्य रूप से क्षेत्र के सक्रिय शराब तस्करों (बूटलेगर्स) की सूची और उनकी गतिविधियों पर चर्चा की गई। सहायक आबकारी अधिकारी रमन शर्मा ने बताया कि पुलिस और आबकारी विभाग आपसी तालमेल से काम कर रहे हैं ताकि इलाके में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा और क्षेत्र में कानून का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।

खाली बोतलें कीं नष्ट

इसी अभियान के तहत एक और बड़ी कार्रवाई अटारी रोड स्थित खंडवाला चुंगी के पास देखने को मिली। आबकारी विभाग के नियमों के मुताबिक शराब के अवैध री-फिलिंग (दोबारा भरने) के खेल को रोकने के लिए खाली बोतलों को नष्ट करना अनिवार्य होता है। इसी नियम के तहत ए.ई.टी.ओ. रमन कुमार ने (एल-5डी) और खंडवाला अटारी रोड स्थित अहाते पर अपनी मौजूदगी में बड़ी संख्या में शराब की खाली बोतलों को मौके पर ही पूरी तरह से नष्ट (ब्रेक) करवा दिया।

चैकिंग अभियान और तेज किया जाएगा 

आबकारी विभाग के सहायक कमिश्नर अमृतसर रेंज दिलबाग सिंह चीमा और जिला आबकारी अधिकारी रमन भगत ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में यह चैकिंग अभियान और तेज किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले ठेकेदारों और शराब तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरैंस की नीति अपनाई जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!