Edited By Vatika,Updated: 17 Mar, 2026 12:22 PM

औद्योगिक नगरी में नशा तस्करों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस की कार्रवाई के दावों की जमीनी हकीकत
लुधियाना(राज): औद्योगिक नगरी में नशा तस्करों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस की कार्रवाई के दावों की जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। पुलिस भले ही रोजाना तस्करों को पकड़ने और पर्चे दर्ज कर अपनी पीठ थपथपा रही हो, लेकिन शहर के कुछ हिस्सों में हालात आज भी जस के तस बने हुए हैं। बस स्टैंड के बिल्कुल नजदीक स्थित जवाहर नगर कैंप इलाके से एक ऐसा चौंकाने वाला मंजर सामने आया है जिसने कानून व्यवस्था और पुलिस की मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। यहाँ नशेड़ी न केवल सरेआम सडक़ों पर झूमते दिखाई दे रहे हैं, बल्कि एक युवक का गली के बीचों-बीच अपनी जांघ पर नशे का इंजेक्शन लगाते हुए लाइव वीडियो भी सामने आया है, जो गली के अंदर ही खड़े होकर नशे का इंजेक्शन लगा रहा है और लोग आसपास से गुजर रहे है।
हैरानी की बात यह है कि जवाहर नगर कैंप वही इलाका है जहाँ नशे की जड़ें खोदने के लिए कुछ समय पहले खुद डी.जी.पी. ने पुलिस कमिश्नर और भारी पुलिस बल के साथ मिलकर विशेष कॉसो ऑपरेशन चलाया था। उस समय पुलिस की भारी घेराबंदी देखकर लगा था कि अब शायद यह इलाका नशा मुक्त हो जाएगा और तस्करों की कमर टूट जाएगी। लेकिन जैसे-जैसे दिन बीतते गए, पुलिस की सख्ती ढीली पड़ती गई और नशे के सौदागर एक बार फिर सक्रिय हो गए। आज आलम यह है कि तस्कर बिना किसी खौफ के फिर मौत का सामान बांट रहे हैं और नशेड़ी वहीं से नशा खरीदकर गलियों और चौराहों पर गिरते-पड़ते नजर आ रहे हैं।
पंजाब केसरी के पास मौजूद लाइव वीडियो इन बदतर हालातों की जीती-जागती गवाही दे रहे हैं। यह कोई पहली बार नहीं है जब बस स्टैंड या जवाहर नगर कैंप के आसपास से ऐसी तस्वीरें सामने आई हों, इससे पहले भी कई बार नशा करते युवाओं की वीडियो वायरल हो चुकी हैं। इलाके के लोगों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि आखिर पुलिस की नाक के नीचे यह सब कैसे चल रहा है। अब देखना यह होगा कि इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन क्या कोई ठोस और स्थाई कार्रवाई करता है या फिर कागजी खानापूर्ति कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा। शहरवासी अब केवल वादों से नहीं, बल्कि धरातल पर बदलाव की उम्मीद कर रहे हैं ताकि उनकी आने वाली पीढ़ी को इस दलदल से बचाया जा सके।