Edited By Vatika,Updated: 05 Sep, 2026 08:52 AM

दुकानदारों और कारोबारियों को निशाना बनाने वाले लुटेरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।
लुधियाना (राज) : दुकानदारों और कारोबारियों को निशाना बनाने वाले लुटेरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। सुबह-सवेरे दुकान खोलने जा रहे एक सुनार को रास्ते में घेरकर अज्ञात बदमाशों ने सरेराह लूट की वारदात को अंजाम दिया। लुटेरों ने पहले सुनार की चलती एक्टिवा से चाबी निकाली, फिर नकदी, मोबाइल फोन, चांदी की अंगूठी और यहां तक कि दुकान की चाबियां व दस्तावेज छीनकर मौके से फरार हो गए। पीडि़त की शिकायत पर थाना दरेसी की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीडि़त नरेश कुमार ने पुलिस को दिए अपने बयानों में बताया कि वह नूरवाला रोड़ इलाके का रहने वाला है। आलमगीर में उसकी सुनार की एक छोटी सी दुकान है। वह रोजाना सुबह करीब 5 बजे अपने घर से एक्टिवा पर सवार होकर अंदरूनी रास्तों से होता हुआ आलमगीर स्थित अपनी दुकान के लिए निकलता है। पीडि़त के अनुसार, वह हर रोज की तरह सुबह अपनी एक्टिवा पर दुकान जाने के लिए निकला था। जैसे ही वह रास्ते में शिवपुरी फौजी हलवाई की दुकान के बिल्कुल सामने पहुंचा, तभी पीछे से दो अज्ञात युवक आ धमके। शातिर लुटेरों ने अचानक पीछे से हाथ बढ़ाकर उसकी एक्टिवा की चाबी निकाल ली, जिससे एक्टिवा वहीं बंद होकर रुक गई। एक्टिवा रुकते ही दोनों बदमाशों ने घेर लिया।
लुटेरों ने उसकी जेब से पर्स निकाला, जिसमें करीब 8,000/- नकद थे। इसके अलावा बदमाशों ने उसका मोबाइल छीन लिया। लुटेरों ने एक्टिवा की डिक्की जबरन खुलवाई और उसमें रखी 10-10 रुपये के नोटों की गड्डी निकाल ली। इसके साथ ही पीडि़त के हाथ से चांदी की अंगूठी उतरवा ली और उसकी दुकान की चाबियों का गुच्छा, एटीएम कार्ड व जरूरी पहचान पत्र भी साथ लेकर फरार हो गए। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बदमाशों के हुलिए और भागने के रूट का पता लगाकर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।