लुधियाना नगर निगम में डैमेज कंट्रोल! F&CC से विधायकों के बेटों ने दिया इस्तीफा

Edited By Vatika,Updated: 03 Aug, 2026 02:10 PM

ludhiana municipal corporation

लुधियाना नगर निगम की फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी (F&CC) को लेकर चल रहा विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है।

लुधियाना(हितेश) : लुधियाना नगर निगम की फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी (F&CC) को लेकर चल रहा विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। हाईकोर्ट में मामले की सुनवाई और मेयर को जारी नोटिस के बीच विधायक मदन लाल बग्गा और विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू के बेटों ने F&CC की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। दोनों ने अपने इस्तीफे की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की है।

PunjabKesari

कांग्रेस के पार्षदों ने हाईकोर्ट में दी चुनौती 
गौरतलब है कि 24 जून को लुधियाना की मेयर ने दोनों विधायकों के बेटों को F&CC का सदस्य नियुक्त करने के आदेश जारी किए थे। इस फैसले के बाद आम आदमी पार्टी के कई पार्षदों ने भी नाराजगी जताई थी। उनका कहना था कि पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के किसी भी पार्षद को कमेटी में शामिल नहीं किया गया, जबकि संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों के बेटों को सदस्य बना दिया गया।इसके बाद कांग्रेस के पार्षदों ने इस नियुक्ति को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में चुनौती दी। याचिका में कहा गया कि नगर निगम एक्ट के अनुसार F&CC के सदस्य पार्षदों द्वारा चुने जाते हैं और मेयर सीधे तौर पर उनकी नियुक्ति नहीं कर सकतीं। वहीं मेयर का पक्ष था कि 24 मार्च को हुई जनरल हाउस की बैठक में उन्हें F&CC के सदस्यों के चयन का अधिकार दिया गया था।

PunjabKesari

अदालत ने मेयर को नोटिस जारी कर मांगा जवाब तलब 
याचिकाकर्ताओं ने अदालत में दावा किया कि जनरल हाउस की बैठक में ऐसा कोई एजेंडा पेश नहीं किया गया था और न ही इस संबंध में कोई मतदान हुआ था। कांग्रेस के पार्षदों के साथ शिरोमणि अकाली दल, भाजपा और निर्दलीय पार्षदों ने भी इस दावे के समर्थन में शपथ पत्र (एफिडेविट) दाखिल किए। मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने F&CC की कार्यवाही पर रोक लगा दी थी। इसके बावजूद आरोप लगाया गया कि मेयर ने संभावित निर्णय (Anticipation) के आधार पर कुछ फाइलों को मंजूरी दे दी। इस पर अदालत ने मेयर को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। सूत्रों के अनुसार, बढ़ते विवाद और कानूनी प्रक्रिया को देखते हुए डैमेज कंट्रोल की कवायद शुरू की गई है। इसी के तहत दोनों विधायकों के बेटों ने F&CC की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि नगर निगम या आम आदमी पार्टी की ओर से अभी इस घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!