Ludhiana के शोरूम में महिला गैंग का शर्मनाक खेल, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

Edited By Vatika,Updated: 29 Apr, 2026 09:23 AM

ludhiana ladies robbery

शहर के भदौड़ हाउस स्थित पार्किंग के पास एक शोरूम में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है,

लुधियाना (राज): शहर के भदौड़ हाउस स्थित पार्किंग के पास एक शोरूम में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात महिलाओं के एक गिरोह ने बड़ी ही चालाकी से लाखों रुपयों की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।  पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को दी शिकायत में महिलाओं के एक गिरोह पर शक जताया है, जो इलाके में रेकी कर वारदातों को अंजाम दे रहा है।

CCTV खंगालने पर पता चला चोरी की घटना 
पुलिस को दी गई शिकायत में 'हरजी क्रिएशन' नाम की लेडीज सूट की दुकान (नंबर 29) के मालिक कुलविंदर सिंह ने बताया कि 26 अप्रैल को उनकी दुकान से करीब 5 लाख 2 हजार रुपये की बड़ी रकम चोरी हो गई थी। वारदात के समय आरोपी बड़ी सफाई से गल्ले से नकदी निकाल कर रफूचक्कर हो गए। दुकानदार ने अपने स्तर पर जब मामले की छानबीन शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगाली, तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। दुकानदार का आरोप है कि 28 अप्रैल को वही 4-5 अज्ञात महिलाएं दोबारा मार्केट में दिखाई दीं। ये महिलाएं मार्केट की अलग-अलग दुकानों में जाकर चोरी करने की कोशिश कर रही थीं। पीड़ित ने दावा किया है कि उसे पूरा यकीन है कि उसकी दुकान से 5 लाख से ज्यादा की नकदी चोरी करने के पीछे इसी 'महिला गैंग' का हाथ है।

संदिग्ध महिलाओं की पहचान में जुटी पुलिस 
व्यापारियों का कहना है कि ये महिलाएं झुंड में आती हैं और दुकानदार का ध्यान भटका कर चोरी की वारदात को अंजाम देती हैं। इस घटना की सूचना मिलते ही थाना डिविजन नंबर 1 की पुलिस ने  अज्ञात महिलाओं पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब मार्केट के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि इन संदिग्ध महिलाओं की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके। दुकानदार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़कर उसकी मेहनत की कमाई बरामद करवाई जाए।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!