Edited By Vatika,Updated: 09 Sep, 2023 03:57 PM

लड़ाई बंद करवाने लगे पुलिस कर्मचारियों के साथ भी उक्त लोगों ने मारपीट की।
लुधियाना (गोतम): यहां की थाना शिमलापुरी में पति-पत्नी के आपसी झगड़े के कारण 2 गुट पुलिस के सामने ही भिड़ गए। यहां तक कि दोनों के बीच थप्पड़ों के साथ एक दूसरे को लात-घूंसे तक मारे गए। लड़ाई बंद करवाने लगे पुलिस कर्मचारियों के साथ भी उक्त लोगों ने मारपीट की।
जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के झगड़े को लेकर दोनों गुट थाने पहुंचे। लड़की वालों का आरोप था कि उनकी बेटी अपने बच्चे सहित उनके पास रह रही है। उनका दामाद बच्चे को अगवा करके ले गया और उसने 2 दिन अपने पास रखा। इससे पहले उसने बेटी को भी बंधक बना कर रखा था। आरोप है कि दामाद के पिछले 4 सालों से किसी लड़की से अवैध संबंध है और वह हमारी बेटी को तंग परेशान कर रहा है।

दूसरी तरह लड़के वालों का आरोप है कि लड़की ही चरित्रहीन है, उनके बेटे के साथ मारपीट करती है। इसके बाद दोनों गुटों को थाने बुलाया गया था। आज जब दोनों गुट थाने पहुंचे तो आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों गुटों द्वारा एक दूसरे के थप्पड़, लात, मुक्के मारे गए। महिलाओं ने भी एक दूसरे के साथ जमकर मारपीट की। जब पुलिस कर्मचारी उन्हें छुड़ाने आए तो उनसे मारपीट की गई। इसके बाद पुलिस ने भी उन पर लाठियां चला दी। फिलहाल पुलिस ने एक दर्जन के करीब लोगों को हिरासत में ले लिया है और अगली कार्रवाई की जा रही है।