Edited By Kalash,Updated: 22 Jun, 2026 10:15 AM

मोगा जिले के कस्बा धर्मकोट के अधीन आते गांव कमालके मंड में रविवार दोपहर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप धारण कर लिया।
मोगा (बिपिन ओकरा): मोगा जिले के कस्बा धर्मकोट के अधीन आते गांव कमालके मंड में रविवार दोपहर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप धारण कर लिया। जानकारी के अनुसार पत्नी ने झगड़े के बाद अपने मायके परिवार को फोन कर बुला लिया, जिसके बाद दो-तीन गाड़ियों में करीब 20 से 25 लोग वहां पहुंचे और ससुराल परिवार पर हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने आते ही फायरिंग शुरू कर दी जिस कारण परिवार के चार लोग घायल हो गए। घायलों में पति सोना सिंह, ससुर, जेठानी और ननद शामिल हैं। घायल सोना सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी रानी से किसी बात पर बहस हो गई थी, जिसके बाद उसके भाई समेत बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और करीब 5-6 राउंड फायरिंग की।
सोना सिंह की बहन निर्मल कौर ने बताया कि वह अपने मायके आई हुई थी और वह चार महीने की प्रेग्नेंट है। उसने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसकी प्रेग्नेंसी का भी ध्यान नहीं रखा और उसे लात मारी, जिस कारण उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद सभी घायलों को मोगा के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उसके पति सोना सिंह की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
धर्मकोट थाने के SHO लक्ष्मण सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here