Edited By Vatika,Updated: 05 Aug, 2026 03:32 PM

शहर में एक तरफ जहां जुआरी और सट्टेबाज़ बड़े-बड़े नामी होटलों के कमरों में अपना काला कारोबार चला रहे
लुधियाना (राज): शहर में एक तरफ जहां जुआरी और सट्टेबाज़ बड़े-बड़े नामी होटलों के कमरों में अपना काला कारोबार चला रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ अब इस अवैध धंधे के तार शहर की घनी और संकरी गलियों तक भी फैल चुके हैं। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला थाना डिवीजन नंबर 1 के अंतर्गत आती गुलचमन गली से सामने आया है, जहां एक आरोपी अपने ही घर की पहली मंजिल को जुए के अड्डे में तब्दील कर बड़ा रैकेट चला रहा है।
घर के अंदर सजती हैं बाजियां, शराब तस्करी के बाद अब जुए का 'किंगपिन'
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 'L' (एल) अक्षर के निक नेम से जाना जाने वाला यह आरोपी इलाके में जुए का सबसे बड़ा नेटवर्क चला रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पहले वह अवैध शराब तस्करी के धंधे में सक्रिय था और वहां अपने 'झंडे गाड़ने' के बाद अब उसने जुए और सट्टेबाजी के इस काले कारोबार में पैर पसार लिए हैं। देखते ही देखते वह इस अवैध धंधे में भी इलाके का 'नंबर वन' खिलाड़ी बन बैठा है।
पुलिस से 'सेटिंग' का दावा, स्थानीय निवासियों में दहशत और रोष
बताया जा रहा है कि आरोपी के घर की पहली मंजिल पर रोजाना दिन-रात जुआरियों का जमावड़ा लगता है और लाखों रुपये की दांव-बाजियां लगाई जाती हैं। आरोपी बेखौफ होकर दावा करता है कि उसकी स्थानीय पुलिस के साथ 'सेटिंग' है, जिसके चलते उस पर कोई हाथ नहीं डाल सकता। घनी आबादी वाली संकरी गली में असामाजिक तत्वों के लगातार जमावड़े से आसपास के निवासियों और महिलाओं का निकलना मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग
इलाके के लोगों में इस अवैध कारोबार को लेकर भारी गुस्सा और रोष व्याप्त है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस कमिश्नर लुधियाना और थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस से गुहार लगाई है कि इस अवैध अड्डे पर तुरंत छापेमारी कर 'L' नाम के इस मुख्य आरोपी और उसके साथियों को गिरफ्तार किया जाए, ताकि इलाके का माहौल खराब होने से बचाया जा सके।