Edited By Vatika,Updated: 19 Jun, 2026 11:36 AM

महानगर के नीलो नहर पुल के पास एक प्रेमी जोड़े पर कुछ अज्ञात दबंगों द्वारा जानलेवा हमला करने वाला मामला सामने आया है।
लुधियाना(राज): महानगर के नीलो नहर पुल के पास एक प्रेमी जोड़े पर कुछ अज्ञात दबंगों द्वारा जानलेवा हमला करने वाला मामला सामने आया है। हमलावरों से अपनी जान और आबरू बचाने के लिए लड़की ने नहर में छलांग लगा दी, जिसके पीछे उसके दोस्त ने भी छलांग लगा दी। हैवानियत की हदें पार करते हुए आरोपियों ने दोनों को नहर से बाहर निकाला और लोहे की रॉड व डंडों से युवक की बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद लहूलुहान हालत में उसे जबरन एक ऑटो में डालकर सिटी सेंटर के सामने ले आए, जहां बीच-बचाव करने पहुंची पीड़ित की मां के साथ भी आरोपियों ने सरेआम धक्का-मुक्की और बदसलूकी की। पुलिस ने पीड़ित के बयानों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित युवक ने बताया कि उसकी परमिंदर कौर नाम की लड़की के साथ गहरी दोस्ती है। बीती 17 जून को वह परमिंदर कौर के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी काम के सिलसिले में नीलो नहर पुल के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ अज्ञात बदमाशों ने मोटरसाइकिल आगे अड़ाकर उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने घेरते ही उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों के हिंसक तेवर देखकर परमिंदर कौर बेहद डर गई और उसने अपनी जान व आबरू बचाने के लिए तुरंत पुल से नीलो नहर के गहरे पानी में छलांग लगा दी। अपनी दोस्त को डूबता देख उस ने भी बिना वक्त गंवाए उसके पीछे नहर में छलांग लगा दी। लेकिन हमलावरों का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ। आरोपियों ने किसी तरह दोनों को नहर से बाहर निकाला और किनारे पर लाते ही दोबारा उन पर टूट पड़े। इस बार आरोपियों ने लोहे की रॉड और भारी डंडों से पर ताबड़तोड़ वार किए। सिर और शरीर पर रॉड लगने के कारण युवक मौके पर ही लहूलुहान होकर बेहोशी की हालत में पहुंच गया।
सरेराह गुंडागर्दी का खेल खेलते हुए आरोपी गंभीर रूप से जख्मी युवक को जबरन एक ऑटो में बिठाकर सिटी सेंटर (City Centre) के सामने ले आए। इस बीच वारदात की भनक लगते ही पीड़ित की मां जसविंदर कौर भी बदहवास हालत में अपने बेटे को बचाने के लिए सिटी सेंटर के पास पहुंच गई। जब बुजुर्ग मां ने अपने लहूलुहान बेटे को छुड़ाने का प्रयास किया, तो बेखौफ बदमाशों ने उनके साथ भी हाथापाई की, उन्हें सड़क पर घसीटा और सरेआम जलील किया। जाते-जाते आरोपी पीड़ित युवक की जेब में रखा 'ओप्पो'कंपनी का कीमती मोबाइल फोन भी जबरन छीन कर मौके से फरार हो गए।