Edited By Urmila,Updated: 13 Sep, 2026 03:05 PM

रोपी ने कहा कि वह अपने माता-पिता को सरप्राइज देना चाहता है, इसलिए पैसों संबंधी बात उन्हें न बताई जाए।
फरीदकोट (राजन) : अमेरिका से भारत लौट रहे रिश्तेदार के नाम पर व्हाट्सऐप के जरिए फर्जी संदेश भेजकर बैंक खाते की जानकारी हासिल करने के बाद 14.10 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में थाना साइबर क्राइम फरीदकोट पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरु तेग बहादुर नगर, जिला फरीदकोट निवासी लाल चंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 सितंबर को उसके मोबाइल पर एक व्हाट्सऐप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को उसका भांजा पवन कुमार बताते हुए कहा कि वह अमेरिका से भारत आ रहा है और उसकी 22 सितंबर की टिकट हो चुकी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने कहा कि वह अपने माता-पिता को सरप्राइज देना चाहता है, इसलिए पैसों संबंधी बात उन्हें न बताई जाए। इसके बाद आरोपी ने लाल चंद से बैंक चेकबुक की फोटो मांगी, जिस पर उसने अपने एच.डी.एफ.सी. बैंक खाते के चेक की फोटो व्हाट्सऐप के जरिए भेज दी।
इसके बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता के खाते में 18,00,550 रुपए जमा करवाने की फर्जी रसीद भेज दी और कहा कि उसका पासपोर्ट अटक गया है, जिसके चलते उसे तुरंत पैसों की जरूरत है। आरोपी ने कहा कि उसके द्वारा खाते में डाली गई रकम में से 14,10,000 रुपए उसे वापस ट्रांसफर कर दिए जाएं, जो अगले दिन दोबारा वापस आ जाएंगे।
शिकायत के अनुसार लाल चंद ने आरोपी के कहने पर 14,10,000 रुपए उसके खाते में ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब आरोपी ने दोबारा एक लाख रुपए की मांग की तो लाल चंद ने अपने भांजे पवन कुमार से फोन पर बात की। पवन कुमार ने बताया कि उसने न तो कोई कॉल की है और न ही पैसों की मांग की है। इसके बाद शिकायतकर्ता को अपने साथ हुई ठगी का पता चला और उसने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। जांच के बाद थाना साइबर क्राइम फरीदकोट में इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह द्वारा अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here