Edited By Kalash,Updated: 23 Jun, 2026 03:02 PM

लुधियाना के सिविल सर्जन को पंजाब राज्य मानवाधिकार कमीशन ने तलब कर लिया है।
लुधियाना/दोराहा (विनायक): लुधियाना के सिविल सर्जन को पंजाब राज्य मानवाधिकार कमीशन ने तलब कर लिया है। कमीशन ने आधार कार्ड का गलत इस्तेमाल कर बेकसूर व्यक्ति को सरकारी रिकॉर्ड में नशेड़ी दिखाने के गंभीर आरोपों के मामले में रिपोर्ट मांगी है। 14 अगस्त को सिविल सर्जन लुधियाना को रिपोर्ट के साथ निजी तौर पर पेश होने के लिए कहा गया है।
इस संबंधी जारी आदेशों में यह भी कहा गया है कि कमीशन ने इससे पहले भी सेहत और परिवार भलाई के डायरेक्टर और लुधियाना के सिविल सर्जन से मामले में की गई कार्रवाई संबंधी रिपोर्ट मांगी गई थी पर अभी तक दोनों ने रिपोर्ट नहीं दी। अब कमीशन ने सख्ती करते हुए सिविल सर्जन लुधियाना को 14 अगस्त को पूरी रिपोर्ट के साथ निजी तौर पर कमीशन के आगे पेश होने के लिए कहा है।
बता दें कि यह कार्रवाई खन्ना के गांव बीजा के रहने वाले तरसेम भारद्वाज की शिकायत के बाद की गई है। शिकायत करने वाले के मुताबिक जब वह हथियार के लाइसेंस के लिए डोप टेस्ट करवाने गया तो उसे पता चला कि उसके आधार कार्ड का गलत इस्तेमाल करके नशा मुक्ति केंद्र ने उसके नाम पर करीब 100 गोलियां जारी कर दी हैं और सरकारी रिकॉर्ड में उसे 'ड्रग एडिक्ट' बताया गया है। इसके बाद पीड़ित ने ह्यूमन राइट्स कमीशन और D.I.G. लुधियाना रेंज से इंसाफ की गुहार लगाई थी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here