Edited By Kalash,Updated: 25 Oct, 2026 01:56 PM

चंडीगढ़ में डेंगू के मामले सामने आने का सिलसिला जारी है। शहर में अब तक डेंगू के 26 मामले सामने आ चुके हैं।
चंडीगढ़ (शीना): चंडीगढ़ में डेंगू के मामले सामने आने का सिलसिला जारी है। शहर में अब तक डेंगू के 26 मामले सामने आ चुके हैं। इसे देखते हुए सेहत विभाग ने लोगों को डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों और छतों के अंदर और आसपास पानी जमा न होने दें क्योंकि रुके हुए पानी में मच्छर पनप सकते हैं। सेहत विभाग के अनुसार बारिश के बाद घरों और आसपास की जांच करनी चाहिए। पानी की टंकियों और कंटेनरों को ढककर रखना चाहिए।
कूलर और पानी वाले दूसरे कंटेनरों को हफ्ते में कम से कम एक बार खाली करना और उन्हें अच्छी तरह साफ करके सुखाना जरूरी है। इसी तरह फ्रिज के पीछे पानी इकट्ठा करने वाली ट्रे को भी रेगुलर साफ करना चाहिए। घरों में पक्षियों और पालतू जानवरों के लिए रखे पानी के कंटेनरों को साफ करना चाहिए और हर हफ्ते पानी बदलना चाहिए। लोगों को टूटे हुए बर्तन, खाली बोतलें, फूलों के गमले, पुराने टायर और नारियल के खोल खुली जगहों पर जमा नहीं होने देना चाहिए।
मच्छरों से बचने के लिए पूरी बाजू के कपड़े पहनने और मच्छर भगाने वाले साधनों का प्रयोग करने की सलाह दी गई है। घरों के दरवाजे और खिड़कियों पर जाली लगानी चाहिए। छोटे बच्चों और नवजात शिशुओं को दिन में भी मच्छरदानी में रखना चाहिए। सेहत विभाग ने सलाह दी है कि बुखार होने पर लापरवाही न करें और नजदीकी हेल्थ सेंटर पर जांच कराएं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here