Edited By Kamini,Updated: 04 Jun, 2026 06:44 PM

स्थानीय सेवा केंद्र के कर्मचारियों द्वारा अपनी मांगों को लेकर शुरू की गई बेमियादी हड़ताल आज 8वें दिन भी जारी रही।
हाजीपुर (जोशी): स्थानीय सेवा केंद्र के कर्मचारियों द्वारा अपनी मांगों को लेकर शुरू की गई बेमियादी हड़ताल आज 8वें दिन भी जारी रही। गत 8 दिनों से सेवा केंद्र पूरी तरह बंद रहने के कारण क्षेत्र की आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जनता का आरोप है कि इस गंभीर समस्या पर भी स्थानीय प्रशासन मूकदर्शक बना बैठा है और लोगों की मजबूरी का तमाशा देख रहा है।
यह हड़ताल ऐसे समय पर हो रही है जब स्कूलों और कॉलेजों में नए शैक्षणिक सत्र के लिए दाखिले की प्रक्रिया चल रही है। सेवा केंद्र बंद होने के कारण छात्रों के आवश्यक दस्तावेज जैसे जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और आय प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं। इसके चलते क्षेत्र के सैकड़ों बच्चों के स्कूल और कॉलेजों में दाखिले रुक गए हैं, जिससे अभिभावकों और छात्रों में भारी मानसिक तनाव है।
क्षेत्र के पीड़ित नागरिकों ने प्रशासन और सरकार के रवैये पर गहरा रोष व्यक्त किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन ने शीघ्र ही सेवा केंद्र के कर्मचारियों से बातचीत कर इस हड़ताल को खत्म नहीं करवाया, तो हमारे पास सड़कों पर उतरने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस पर कब तक संज्ञान लेता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here