Edited By Vatika,Updated: 30 Apr, 2026 07:50 AM

दुकान के बाहर फायरिंग करने की कोशिश का मामला सामने आया है।
गुरदासपुर(हरजिंदर सिंह गोराया): जिला गुरदासपुर के ऐतिहासिक कस्बा कलानौर में एक मशहूर इलेक्ट्रॉनिक दुकान के बाहर फायरिंग करने की कोशिश का मामला सामने आया है।
दुकान के बाहर तीन बार गोली चलाने की कोशिश
जानकारी के मुताबिक, एक अज्ञात युवक ने दुकान के बाहर तीन बार गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन कोई भी गोली नहीं चली और एक कारतूस जमीन पर गिर गया। यह पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है। दुकान मालिक गौरव कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पिछले 2-3 महीनों से उन्हें फिरौती के लिए कॉल आ रही थीं। कॉल करने वाले विदेशी नंबर से संपर्क कर पैसे की मांग कर रहे थे और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकियां दे रहे थे।
बाजार में दहशत का माहौल
घटना के दौरान तीन अज्ञात युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और वारदात को अंजाम देने की कोशिश के बाद बटाला रोड की तरफ फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में भारी रोष है और बाजार में दहशत का माहौल बना हुआ है। व्यापारियों ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। वहीं, डीएसपी अमोलक सिंह काहलो ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।